कानपुर रेलवे स्टेशन के पास पटरियों के किनारे LPG सिलेंडर में लगी आग, कोई हताहत नहीं

कैंट एरिया में जलता देख यात्री ने सूचना दी
गैस सिलेंडर
गैस सिलेंडर
Published on

कानपुर : व्यस्त दिल्ली-प्रयागराज रेल मार्ग के पास एक छोटे रसोई गैस सिलेंडर में बुधवार शाम आग लग गई और इस मामले की जांच की जा रही है। यह घटना बुधवार शाम करीब साढ़े सात बजे कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन से करीब दो किलोमीटर दूर छावनी क्षेत्र में हुई, जहां पटरियों के पास पांच किलोग्राम का LPG (तरलीकृत पेट्रोलियम गैस) सिलेंडर जलता हुआ मिला।

आग लगने की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, रेलवे सुरक्षा बल (RPF), राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) और अपराध शाखा के दल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने बताया कि आपातकालीन कर्मियों के वहां पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोग आग बुझा चुके थे। इस दौरान किसी के घायल होने की खबर नहीं है और स्थिति नियंत्रण में है।

अधिकारियों ने बताया कि सिलेंडर पटरियों से करीब सात फुट दूर एक सुनसान जगह मिला।प्रारंभिक निष्कर्षों से संकेत मिलता है कि सिलेंडर किसी चलती ट्रेन से, संभवत: महाबोधि एक्सप्रेस से गिरा होगा। महाबोधि एक्सप्रेस आग लगने से कुछ ही समय पहले वहां से गुजरी थी। पुलिस को संदेह है कि गैस रिसाव के कारण आग लगी और वह इस बात की भी जांच कर रही है कि कहीं रिसाव के बाद जल्दबाजी में सिलेंडर को बाहर तो नहीं फेंका गया।

पुलिस उपायुक्त (पूर्व) (DCP) सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि इलाके की तलाशी के दौरान पुलिस को प्रतापगढ़ जिले के निवासी ओम प्रकाश मिश्रा का आधार कार्ड, एक मोबाइल फोन और बर्तनों से भरा एक बोरा मिला। बोरा आंशिक रूप से जला हुआ था।

गुप्ता ने कहा कि प्रारंभिक आकलन से लगता है कि सिलेंडर में आग लगना एक दुर्घटना है। उन्होंने कहा, हालांकि, हम लापरवाही, शरारत या इसमें किसी प्रकार की साजिश होने संबंधी पहलुओं की भी जांच कर रहे हैं।

DCP ने बताया कि पुलिस ने बोरे में मिले फोन में दर्ज एक नंबर पर संपर्क किया और मिश्रा के बेटे से बात की जिसने बताया कि उसका पिता दिल्ली में एक सुरक्षा गार्ड है और अपना सामान एवं नकदी लेकर घर लौट रहा था। उसने यह भी बताया कि मिश्रा शराब पीने का आदी है।फोरेंसिक टीम GRP और RPF कर्मियों के साथ मिलकर विस्तृत जांच कर रही हैं।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in