मिर्जापुर और बलरामपुर में ठनका का कहर, अलग-अलग घटनाओं में 2 की दर्दनाक मौत

पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता प्रदान की जाएगी : अधिकारी
मौसम
मौसम
Published on

मिर्जापुर/बलरामपुर : उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर और बलरामपुर जिलों में शुक्रवार को आकाशीय बिजली गिरने से एक वृद्ध किसान समेत दो लोगों की मौत हो गई। एक अधिकारी ने बताया कि मिर्जापुर जिले के पड़री थाना क्षेत्र के चांदलेवा (छप्पन) गांव में सुबह आकाशीय बिजली गिरने से एक वृद्ध किसान गंभीर रूप से झुलस गया, जिसे अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान हरिशंकर (70) के रूप में हुई है। अपर जिलाधिकारी (ADM) अजय कुमार सिंह ने बताया कि हरिशंकर प्रतिदिन की तरह सुबह अपने खेत में कृषि कार्य करने गया था। इसी दौरान अचानक मौसम बदला और तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरने से हरिशंकर उसकी चपेट में आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया और अचेत होकर गिर पड़ा।

हादसे के बाद आसपास मौजूद ग्रामीण और परिजन हरिशंकर को तत्काल उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पड़री लेकर पहुंचे, जहां मौजूद चिकित्सक ने जांच के उपरांत हरिशंकर को मृत घोषित कर दिया। उन्होंने कहा कि मामले में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

एक अधिकारी ने बताया कि बलरामपुर जिले के देहात थाना क्षेत्र में शुक्रवार को आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक की झुलस कर मौत हो गई। बलरामपुर सदर के उपजिलाधिकारी (SDM) हेमंत गुप्ता ने बताया कि आज दोपहर में घुसाह ग्राम निवासी तीरथ राम वर्मा (28) किसी कार्य से बलरामपुर शहर आ रहा था, तभी अचानक बारिश होने लगी।

उन्‍होंने बताया कि बारिश से बचने के लिए युवक पेड़ के नीचे खड़ा हो गया और इसी बीच आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आकर तीरथ राम बुरी तरह झुलस गया। उसे तत्काल मेमोरियल चिकित्सालय ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

SDM ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच कराई जा रही है। रिपोर्ट मिलते ही पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता प्रदान की जाएगी।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in