लखनऊ में वकीलों का आक्रोश, बैरिकेडिंग तोड़ विधानसभा पहुंचे

वकीलों की सुरक्षा कानून लागू करने की मांग तेज
वकीलों का जोरदार प्रदर्शन
वकीलों का जोरदार प्रदर्शन
Published on: 

लखनऊ : उत्तर प्रदेश में अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम लागू करने की मांग को लेकर शनिवार को राजधानी लखनऊ में वकीलों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। लखनऊ बार एसोसिएशन और सेंट्रल बार एसोसिएशन के संयुक्त आह्वान पर बड़ी संख्या में अधिवक्ता विधानसभा का घेराव करने निकले।

प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने पहले से ही सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। हालांकि, आक्रोशित वकील कई स्थानों पर पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ गए। हजरतगंज चौराहे से लेकर विधानसभा मार्ग तक लगाए गए अवरोधकों को पार करते हुए अधिवक्ता सीधे विधानसभा के मुख्य द्वार के सामने पहुंच गए और नारेबाजी की।

अधिवक्ताओं का कहना है कि प्रदेश भर में वकीलों के साथ लगातार आपराधिक घटनाएं और हमले हो रहे हैं। इससे पूरे अधिवक्ता समाज में भय और असुरक्षा का माहौल व्याप्त है। वकीलों की मुख्य मांग है कि राज्य सरकार उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जल्द से जल्द अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम लागू करे। इसी गंभीर मुद्दे को लेकर दोनों प्रमुख बार एसोसिएशनों ने विधानसभा घेराव का निर्णय लिया था।

सेंट्रल बार एसोसिएशन के महामंत्री अवनीश दीक्षित ने बताया कि हापुड़ में हुई घटना के बाद वकीलों की सुरक्षा के लिए इस अधिनियम का एक मसौदा तैयार किया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने इस मसौदे को ठंडे बस्ते में डाल दिया है। आए दिन होने वाली घटनाओं के कारण अधिवक्ताओं की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है।

अवनीश दीक्षित के अनुसार, अधिवक्ता चाहते हैं कि सरकार पूर्व में तैयार किए गए इस मसौदे को सार्वजनिक कर वकीलों के समक्ष रखे। इसके साथ ही कानून को अमल में लाने के लिए त्वरित कदम उठाए जाएं। वकीलों का मानना है कि उनके लिए एक विशेष सुरक्षा कानून बेहद जरूरी है।

गौरतलब है कि बीते दिनों कानपुर में आयोजित एक बड़े अधिवेशन में वकीलों की सुरक्षा पर गहन चर्चा हुई थी। उसी बैठक में शनिवार को लखनऊ में विधानसभा घेराव की रणनीति तैयार की गई थी, जिसके तहत बड़ी संख्या में वकील इस प्रदर्शन में शामिल हुए।

वकीलों का जोरदार प्रदर्शन
उत्तर प्रदेश ने गत नौ साल में सुरक्षा, सुशासन की एक नयी यात्रा तय की है : योगी
सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News