हरिद्वार में CM योगी की मां का अंतिम संस्कार

छोटे बेटे महेंद्र ने दी मुखाग्नि, कपाल क्रिया तक अंत्येष्टि में खड़े रहे योगी
फाइल फोटो
फाइल फोटो-
Published on: 

हरिद्वार/ लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का शनिवार को यहां अंतिम संस्कार किया गया । शुक्रवार को 91 वर्ष की उम्र में लंबी बीमारी के बाद पौड़ी जिले में स्थित उनके पैतृक गांव पंचूर देवी का निधन हो गया था।

यहां गंगा तट पर चंडीघाट क्षेत्र में नमामि गंगे घाट पर हुई सावित्री देवी के अंतिम संस्कार के दौरान आदित्यनाथ समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। योगी के छोटे भाई महेंद्र सिंह बिष्ट ने मां की चिता को मुखाग्नि दी।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक, उत्तर प्रदेश के भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी सहित राजनीतिक लोगों के साथ ही योग गुरू बाबा रामदेव, परमार्थ निकेतन के प्रमुख चिदानंद सरस्वती, और अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत रवींद्र पुरी समेत विभिन्न अखाड़ों के साधु संत भी इस दौरान उपस्थित रहे।

अंत्येष्टि के दौरान अंतिम विदाई देते हुए आदित्यनाथ भावुक नजर आए। इससे पहले, मां के निधन की सूचना मिलने के बाद आदित्यनाथ ने शुक्रवार शाम पंचूर पहुंचकर उनके अंतिम दर्शन किए। सावित्री देवी के परिवार में चार बेटे और तीन बेटियां हैं। आदित्यनाथ, चारों बेटों में दूसरे स्थान पर हैं।

सुबह अपनी मां के पार्थिव शरीर को कंधा देते हुए एक तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा करते हुए योगी ने संस्कृत में एक श्लोक- 'नास्ति मातृसमा छाया नास्ति मातृसमा गतिः। नास्ति मातृसमं त्राणं नास्ति मातृसमा प्रिया॥' लिखा, जिसका अर्थ है - माता के समान कोई छाया नहीं है, माता के समान कोई सहारा (आश्रय) नहीं है, माता के समान कोई रक्षक नहीं है और माता के समान कोई प्रिय नहीं है।

फाइल फोटो
'देश में फूट डालने वाले तत्वों से रहना होगा सावधान', अयोध्या में बोले CM योगी
सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News