लखीमपुर खीरी सड़क हादसा : वैन और ट्रक की टक्कर में 10 लोगों की मौत

NH -730 पर वैन के अनियंत्रित होकर दूसरी लेन में जाने से ट्रक से आमने-सामने की टक्कर
सांकेतिक चित्र
सांकेतिक चित्र
Published on

लखीमपुर खीरी : लखीमपुर खीरी जिले के ईसानगर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक वैन और ट्रक की आमने-सामने की टक्कर में चालक और दो महिलाओं समेत 10 लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार मृतकों में से नौ की पहचान कर ली गई है जिनमें जयदीप सिंह (25), अदनान खान (15), पवन राजभर (23), सोहन राजभर (21), रामगोपाल (42), सहज राम (35), पप्पू गौतम (18), गायत्री वैश्य (44) और जुलेखा (55) शामिल हैं। एक अन्य मृतक की पहचान करने के प्रयास जारी हैं।

धौरहरा के पुलिस क्षेत्राधिकारी शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि हादसा सिसैया-लखीमपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-730 पर उंचगांव और भरेहता गांव के बीच हुआ जब लखीमपुर से बहराइच जा रही वैन की एक ट्रक से आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस हादसे में वैन में सवार चालक सहित सभी 10 लोगों की मौत हो गई।

पुलिस क्षेत्राधिकारी ने बताया कि घटनास्थल की स्थिति देखकर प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि वैन अनियंत्रित होकर ट्रक से टकरा गई। घटना की सूचना मिलने पर जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग मौके पर पहुंचे।

अधिकारियों ने बताया कि किसी अज्ञात कारण से वैन अपनी लेन से दूसरी लेन में चली गई और सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए मुर्दाघर में रखवा दिया है और मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।

इस हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा शोक व्यक्त किया है और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, जनपद लखीमपुर खीरी में हुई सड़क दुर्घटना में जनहानि अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। उन्होंने स्थानीय प्रशासन को पीड़ितों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in