कानपुर : रेप के बाद गला दबाकर बच्ची को मारा, 3 सगे भाइयों पर FIR दर्ज, पड़ोसी हिरासत में

सोमवार से लापता 11 वर्षीय एक बच्ची का शव पास ही में गेहूं के एक खेत में मिला
घटनास्थल की जांच करती पुलिस
घटनास्थल की जांच करती पुलिस-
Published on

कानपुर : कानपुर के बिधनू इलाके में सोमवार से लापता 11 वर्षीय एक लड़की का शव पास ही में गेहूं के एक खेत में मिला। उसके यौन उत्पीड़न की आशंका है, जिससे इलाके में आक्रोश पैदा हो गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। मृतका के परिवार के सदस्यों ने एक पड़ोसी पर अपराध को अंजाम देने का आरोप लगाया है, जिसे पुलिस ने पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है।

पुलिस के मुताबिक, पांचवीं कक्षा की छात्रा सोमवार दोपहर को अपनी बड़ी बहन के साथ बकरियां चराने गई थी। उसकी बहन थोड़ी देर के लिए घर लौट गयी और जब वह वापस खेत में गयी तो उसे अपनी बहन नहीं मिली। इसके बाद परिवार के सदस्यों और ग्रामीणों ने उसकी काफी खोजबीन की।

स्थानीय बिधनू थाने में शिकायत दर्ज करायी गयी, लेकिन रात भर खोजबीन के बाद भी लड़की का पता नहीं चला। उसका शव मंगलवार सुबह उसके घर से लगभग 500 मीटर की दूरी पर पाया गया, जब ग्रामीणों ने गेहूं के खेत में डाली गयी मिट्टी देखी। खुदाई करने पर उन्हें शव दबा हुआ मिला। पुलिस ने बताया कि बच्ची का शव नग्न अवस्था में पाया गया और उस पर कई चोटों के निशान थे, जो यौन शोषण की ओर इशारा करते हैं।

प्रारंभिक पोस्टमार्टम निष्कर्षों से पता चलता है कि यौन उत्पीड़न के बाद हत्या की गई है। चिकित्सकों के एक पैनल ने शव परीक्षण किया और विस्तृत जांच के लिए नाखून के टुकड़े और डीएनए नमूने सहित फॉरेंसिक साक्ष्य संरक्षित किए गए हैं।

परिजनों ने पड़ोसी पर वारदात को अंजाम देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने संदेह के आधार पर एक युवक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। उसके घर से बरामद मिट्टी से सने कपड़ों को फॉरेंसिक जांच के लिए जब्त कर लिया गया है। शव मिलने के बाद गांव में तनाव फैल गया। गुस्साए निवासियों ने पुलिस को शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने से रोक दिया और तत्काल न्याय की मांग की।

सहायक पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) विपिन ताडा ने कहा कि मामले को सुलझाने के लिए पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) दीपेंद्र चौधरी सहित वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में कई टीम गठित की गई हैं। टाडा ने कहा, अहम सबूत एकत्र कर लिए गए हैं। एक संदिग्ध हिरासत में है। मामला जल्द ही सुलझा लिया जाएगा।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in