IIT-कानपुर के शोध छात्र ने की आत्महत्या

छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य को लेकर नयी चिंताएं बढ़ गई हैं
IIT-कानपुर के शोध छात्र ने की आत्महत्या
Published on: 

कानपुर : भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान कानपुर (IIT)-कानपुर में 25 साल के PhD के एक छात्र ने मंगलवार दोपहर परिसर की एक रिहायशी इमारत की छठी मंजिल से कथित तौर पर कूदकर आत्महत्या कर ली। यह बीते 23 दिनों के अंदर IIT-कानपुर परिसर में आत्महत्या का दूसरा मामला है, जिससे छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य को लेकर नयी चिंताएं बढ़ गई हैं।

अधिकारियों ने बताया कि मृतक की पहचान रामस्वरूप इशराम के रूप में हुई है, जो अर्थ साइंसेज विभाग में शोध छात्र था। वह अपनी पत्नी मंजू और तीन साल की बेटी के साथ न्यू एसबीआरए भवन के एए-21 में रह रहा था।

इशराम को तुरंत एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस उपायुक्त एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि सूचना मिलते ही कल्याणपुर पुलिस फॉरेंसिक विशेषज्ञों के साथ मौके पर पहुंची और सबूत इकट्ठा किए।

पुलिस उपायुक्त ने कहा, शुरुआती जांच से पता चलता है कि छात्र लंबे समय से मानसिक तनाव से जूझ रहा था। उसने कई बार काउंसलिंग भी करवाई थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

पुलिस उपायुक्त ने आगे बताया कि पुलिस ने परिवार वालों को सूचित कर दिया है और जांच के तहत मृतक की पत्नी से पूछताछ कर रही है। इशराम राजस्थान के चुरू जिले के रहने वाले थे।इस घटना पर दुख जताते हुए IIT-कानपुर के निदेशक मनिंद्र अग्रवाल ने बताया कि संस्थान ने एक होनहार शोध छात्र को खो दिया है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News