IIT-कानपुर में सभी नए छात्रों के लिए मानसिक स्वास्थ्य जांच अनिवार्य

IIT- कानपुर में एक महीने से भी कम समय में आत्महत्या की 2 घटनाएं
IIT-कानपुर
IIT-कानपुर
Published on: 

कानपुर : भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) कानपुर में एक महीने से भी कम समय में आत्महत्या की दो घटनाएं सामने आने के बाद, संस्थान ने एहतियाती कदम के तहत सभी नए स्नातक और स्नातकोत्तर छात्रों के लिए परिसर में पहले सप्ताह के दौरान मानसिक स्वास्थ्य जांच कराना अनिवार्य कर दिया है।

संस्थान ने बुधवार को जारी एक बयान में कहा कि मध्यम या गंभीर जोखिम की पहचान वाले विद्यार्थियों से प्रशिक्षित परामर्शदाताओं द्वारा संपर्क किया जाएगा और जरूरत पड़ने पर मनोचिकित्सकों से उनकी काउंसिलिंग कराई जाएगी जिससे शुरू से ही उचित देखभाल सुनिश्चित हो सके।

उल्लेखनीय है कि संस्थान के पीएचडी के छात्र 25 वर्षीय रामस्वरूप इशराम ने मंगलवार को परिसर के रिहाइशी भवन की छठी मंजिल से कथित तौर पर कूदकर आत्महत्या कर ली। इससे पूर्व, 29 दिसंबर को बीटेक के अंतिम वर्ष के छात्र जय सिंह मीना (26) को छात्रावास के उसके कमरे में मृत पाया गया था।

संस्थान विद्यार्थियों को जागरूक करने के लिए कार्यशालाओं का आयोजन कर रहा है जिसमें सुरक्षाकर्मियों, डॉक्टरों, पुस्तकालय के कर्मचारियों, हॉल प्रबंधकों, मेस की टीमों और सफाईकर्मियों को शामिल किया जा रहा है और उन्हें छात्रों में तनाव को पहचान कर उचित प्रतिक्रिया देने के लिए प्रशिक्षित किया जा रहा है।

संस्थान ने सेंटर फॉर मेंटल हेल्थ वेलबिंग और स्वास्थ्य केंद्र के बीच उचित समन्वय से 24 घंटे और सातों दिन चलनी वाली एक आपात मानसिक स्वास्थ्य सहयोग प्रणाली भी स्थापित की है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News