नेपाल जा रही टूरिस्ट बस हादसे का शिकार, दर्जनों घायल

प्रयागराज के फाफामऊ पुल पर टूरिस्ट बस और डंपर की आमने-सामने भिड़ंत, दर्जनभर यात्री घायल, तेज रफ्तार और लापरवाही पर उठे सवाल
डंपर से टकराने के कारण हुआ हादसा, दर्जनभर लोग घायल
नेपाल जा रही टूरिस्ट बस हुई दुर्घटना का शिकार
Published on

प्रयागराजः उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में शुक्रवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। राजरूपपुर से नेपाल जा रही एक टूरिस्ट बस फाफामऊ पुल पर सामने से आ रहे डंपर से टकरा गई। हादसे में बस चालक विमलेश कुमार, यात्री अनिल कुमार समेत करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए।

तेज टक्कर से उड़ गए दोनों वाहनों के परखच्चे

बताया जा रहा है कि बस में करीब 50 यात्री सवार थे। रात करीब 1:45 बजे जैसे ही बस फाफामऊ पुल पार कर आगे बढ़ी, तभी सामने से आ रहे डंपर से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए और बस पुल की दीवार से जा टकराई।

हादसे के बाद मचा हड़कंप, पुलिस ने संभाला मोर्चा

दुर्घटना के बाद बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही यातायात पुलिस मौके पर पहुंची और फाफामऊ थाने को जानकारी दी गई। पुलिस ने तत्काल घायलों को अस्पताल भिजवाया। डंपर चालक भी इस हादसे में घायल हुआ है।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्राथमिक तौर पर इसे तेज रफ्तार और लापरवाही से जोड़कर देखा जा रहा है।

पुल पर लंबा जाम, डेढ़ घंटे बाद बहाल हुआ ट्रैफिक

हादसे के कारण फाफामऊ पुल पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। यह पुल लखनऊ और अयोध्या रूट के लिए महत्वपूर्ण है, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाया, जिसके बाद करीब डेढ़ घंटे बाद यातायात सामान्य हो सका।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in