मिर्जापुर में भीषण सड़क हादसा : ट्रक की टक्कर से 2 कारों में आग लगने से 11 लोगों की जलकर मौत

तेज ढलान पर हादसे के बाद कारों में सवार लोग बाहर निकल भी नहीं पाए
सांकेतिक तस्वीर
सांकेतिक तस्वीर
Published on

मिर्जापुर : मिर्जापुर जिले के जिगना थाना क्षेत्र स्थित ड्रमंडगंज पहाड़ी इलाके में ट्रक की टक्कर से 2 कार में आग लगने के कारण 4 बच्चों समेत 11 लोगों की मौत हो गई। एक अधिकारी ने बताया कि बुधवार रात करीब साढ़े 8 बजे हुए इस हादसे में मारे गए लोगों की पहचान देर रात हुई।

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने बताया कि मध्यप्रदेश से आ रहा चने से लदा ट्रक बड़का मोड़ की पहाड़ी की तेज ढलान पर ब्रेक फेल होने के कारण अनियंत्रित हो गया और उसने पहले एक जीप को, उसके बाद आगे चल रही कार को टक्कर मार दी।

टक्कर के बाद कार आगे जा रहे गिट्टी से लदे ट्रक से टकरा गई, जिससे कार और जीप दोनों में आग लग गई। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि यह सब कुछ इतनी तेजी से हुआ कि कारों में सवार लोगों को बाहर निकलने का समय नहीं मिल पाया और सभी जिंदा जल गए।

कौशिक के अनुसार मृतकों में प्रियंका सिंह (42), कार्तिकेय सिंह (19), पीयूष सिंह (15), पंकज सिंह (40), बीना सिंह (47), वंदना सिंह (43), शिव सिंह (चार), सोनम सिंह (नौ), विष्णु सिंह (चार), विकास शर्मा (32) और जयप्रकाश (28) शामिल हैं। उन्होंने बताया कि हादसे में ट्रक चालक की भी मौत हुई है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि 11 मृतकों में से 7 मिर्जापुर के, 3 मध्यप्रदेश के और 1 सोनभद्र का निवासी था। पुलिस के अनुसार, शव इतनी बुरी तरह झुलस गए थे कि उनकी पहचान करना मुश्किल हो रहा था। देर रात जब परिजन पहुंचे, तब उनकी शिनाख्त हो सकी।

दुर्घटना के बाद दो कार में लगी आग इतनी भीषण थी कि अग्निशमन दल को इसे काबू करने में दो घंटे से अधिक समय लगा।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in