

लखनऊ : यूपी में भीषण गर्मी पड़ रही है। प्रयागराज में पारा 44.6°C पहुंच गया। प्रदेश के 26 जिलों का तापमान 40°C या इससे ज्यादा पहुंच गया। मौसम विभाग ने मंगलवार को 26 जिलों में हीटवेव यानी लू का अलर्ट जारी किया है। मौसम एक्सपर्ट ने सलाह दी है कि धूप में निकलने से बचें।
मंगलवार सुबह से प्रयागराज, काशी, कानपुर में तेज धूप निकली हुई है। हमेशा गुलजार रहने वाले काशी के घाटों में सन्नाटा पसरा है। मेरठ में भीषण गर्मी में चलती सीएनजी बस में आग लग गई। इस दौरान बस में सवार करीब 50 से अधिक यात्रियों ने कूदकर अपनी जान बचाई।
वहीं आगरा में 40°C पारे के बीच ताजमहल देखने पहुंचे एक पर्यटक बेहोश होकर गिर पड़े। इसके अलावा 5 से अधिक पर्यटकों की तबीयत बिगड़ गई।
सरकारी स्कूलों का समय बदला
भीषण गर्मी को देखते हुए योगी सरकार ने 8वीं तक के सरकारी स्कूलों की टाइमिंग बदल दी है। अब 8वीं तक के स्कूल सुबह 7.30 बजे से दोपहर 12.30 बजे तक चलेंगे। पहले यह टाइमिंग दोपहर 2 बजे तक थी।
हालांकि, शिक्षकों को दोपहर 1.30 बजे तक ड्यूटी करनी होगी। बेसिक शिक्षा निदेशक प्रताप सिंह बघेल ने कहा- मदरसों के लिए भी यही टाइमिंग लागू रहेगी। लेकिन प्राइवेट स्कूलों की टाइमिंग का फैसला मैनेजमेंट पर छोड़ दिया गया है।
इस बीच, लखनऊ के मौसम विभाग के अनुसार, " महाराष्ट्र के आसपास बने एंटी-साइक्लोन के असर से अगले 4-5 दिनों के दौरान तापमान में 2-3°C की बढ़ोतरी होगी। अधिकांश जिलों का तापमान 45°C या इससे पार पहुंचेगा। पूर्वी यूपी में कहीं-कहीं लू चलने की संभावना है। फिलहाल अप्रैल के बचे दिनों में गर्मी से राहत की कोई उम्मीद नहीं है।"