हमीरपुर निर्माणाधीन पुल हादसा : 6 श्रमिकों की मौत, 3 अन्य घायल

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस दुर्घटना पर जताया गहरा दुख
बेतवा नदी पर निर्माणाधीन पुल का स्लैब गिरा
बेतवा नदी पर निर्माणाधीन पुल का स्लैब गिरा
Published on

हमीरपुर : हमीरपुर जिले में शुक्रवार तड़के तेज आंधी के दौरान बेतवा नदी पर निर्माणाधीन पुल का स्लैब गिरने से 6 श्रमिकों की मौत हो गई, जबकि 3 अन्य श्रमिक घायल हो गए।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है।

पुलिस के अनुसार, यह घटना तड़के करीब तीन बजे लालपुरा थाना क्षेत्र में हुई, जब परसनी और कुरारा कंदौर गांव के बीच निर्माणाधीन पुल का स्लैब गिर गया।

अधिकारियों ने बताया कि पुल निर्माण कार्य में लगे कई मजदूर स्लैब के ऊपरी हिस्से पर सो रहे थे। इसी दौरान अचानक स्लैब गिर गया।

उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान लोकेन्द्र (22), कुलदीप निषाद (19), सावंत यादव (28), सभाजीत (30), पुष्पेंद्र चौहान (34) और राजेश पाल (42) के रूप में हुई है। वहीं, अवधेश निषाद, कल्लू यादव और राजेश निषाद पिलर के नीचे फंसकर घायल हो गए।

अधिकारियों ने बताया कि राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) की टीम ने घायलों को बाहर निकाला और उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

लालपुरा थाना प्रभारी राजेश कुमार सरोज ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है। मलबा हटाकर यह देखा जा रहा है कि कहीं कोई अन्य व्यक्ति तो हताहत नहीं है।

हमीरपुर के जिला अधिकारी अभिषेक गोयल ने बताया कि दो वर्ष पहले शुरू हुई इस परियोजना का निर्माण कार्य एक निजी कंपनी द्वारा कराया जा रहा था। श्रमिकों के लिए सुरक्षा के सभी उपाय निर्माण स्थल पर किए गए थे। उन्होंने इस दुर्घटना में अभी तक छह श्रमिकों की मृत्यु होने की पुष्टि की।

गोयल ने कहा कि भारत मौसम विज्ञान विभाग और जिला प्रशासन ने आंधी-तूफान और बारिश के संबंध में गुरुवार शाम चेतावनी जारी की थी और निवासियों व कर्मचारियों को सचेत करने के लिए गांवों में मुनादी भी कराई गई थी।

मुख्यमंत्री ने मृतक के परिजनों के लिए पांच-पांच लाख रुपये और घायलों के लिए 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, जनपद हमीरपुर में बेतवा नदी पर एक दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुखद एवं हृदयविदारक है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं।

उन्होंने कहा, प्रभु श्रीराम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान एवं घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिला प्रशासन को SDRF के साथ मिलकर राहत एवं बचाव कार्य तेजी से संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in