

आजमगढ़ : आजमगढ़ में H1N1 यानी स्वाइन फ्लू के मामले सामने आए हैं । यह जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। खबरों के अनुसार जिले में अब तक चार लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। संक्रमितों में करीब एक साल की बच्ची से लेकर 64 वर्षीय बुजुर्ग तक शामिल हैं।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, हाल में जांच के लिए भेजी गई तीन रिपोर्ट बीएचयू वाराणसी और मेदांता अस्पताल लखनऊ से प्राप्त हुई हैं । रिपोर्ट में संक्रमण की पुष्टि के बाद स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी बढ़ाने के साथ अस्पतालों में उपचार और दवाओं की व्यवस्था मजबूत कर दी है ।
एक साल की बच्ची समेत चार संक्रमित
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एनआर वर्मा के मुताबिक, जिला सर्विलांस अधिकारी को प्राप्त रिपोर्टों का जिला स्तर पर सत्यापन कराया गया है। अब तक सामने आए चार संक्रमितों में करीब एक साल की बच्ची, 36 वर्षीय महिला, 45 वर्षीय पुरुष और 64 वर्षीय पुरुष शामिल हैं । स्वास्थ्य विभाग के अनुसार इनमें दो मरीज शहरी क्षेत्र और दो ग्रामीण इलाके से हैं। सभी संक्रमित मरीजों को आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। साथ ही संक्रमित मामलों से जुड़े लोगों और संभावित मरीजों की निगरानी भी की जा रही है। चार मामलों की पुष्टि के बाद जिला सर्विलांस टीम सक्रिय है। संक्रमित मरीजों की स्थिति पर नजर रखने के साथ संभावित मरीजों की पहचान और निगरानी की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि फिलहाल लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन संक्रमण से बचाव के लिए सावधानी बरतना जरूरी है।
अस्पतालों में तैयारियां तेज
H1N1 के मामलों की पुष्टि के बाद स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों में तैयारियां तेज कर दी हैं। मेडिकल कॉलेज और मंडलीय जिला चिकित्सालय के अलावा तरवां, लालगंज और अतरौलिया के 100 शैय्या अस्पतालों में वार्ड और बेड की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। अस्पतालों में जांच और उपचार के साथ जरूरी दवाओं की उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। किसी मरीज की हालत गंभीर होने पर उसे उच्च चिकित्सा संस्थान रेफर करने की व्यवस्था भी तैयार रखने को कहा गया है।
स्वास्थ्य विभाग ने कहा- घबराएं नहीं, सावधानी बरतें
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि H1N1 को लेकर अनावश्यक रूप से भयभीत होने की जरूरत नहीं है। संक्रमण के लक्षण दिखाई देने पर समय पर चिकित्सकीय सलाह लेना और भीड़भाड़ वाली जगहों पर सावधानी बरतना जरूरी है।