कतर्नियाघाट जंगल में बनी 4 मजारों पर चला वन विभाग का बुलडोजर

‘अतिक्रमण’ घोषित करते हुए जेसीबी का इस्तेमाल करके गिराया
मजार
मजार
Published on: 

बहराइच : बहराइच जिले में कतर्नियाघाट वन्यजीव अभयारण्य के कोर क्षेत्र में स्थित प्रसिद्ध लक्कड़ शाह बाबा की मजार सहित चार मजारों को वन विभाग ने ‘अतिक्रमण’ घोषित करते हुए बुलडोजर (जेसीबी) का इस्तेमाल करके गिरा दिया है।

कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के प्रभागीय वन अधिकारी (डीएफओ) बी. शिवशंकर ने बताया, कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग की मुर्तिहा रेंज अंतर्गत बीट संख्या 20 में स्थित लक्कड़शाह, भंवरशाह, चमन शाह व शहनशाह की मजारें मौजूद थीं। ये सभी मजारें जंगल क्षेत्र में हैं।

उन्होंने बताया कि यद्यपि मजार कमेटी ने इन मजारों के संबंध में 1986 के वक्फ बोर्ड पंजीकरण की एक प्रति उपलब्ध कराई थी, लेकिन वे स्वामित्व या भूमि अधिकार का कोई कानूनी सबूत देने में विफल रहे।

शिवशंकर ने बताया, वन संरक्षण अधिनियम, 1980 के तहत वन क्षेत्र में किसी जमीन का गैर वानिकी उद्देश्य के लिये इस्तेमाल करने से पूर्व भारत सरकार से अनुमति लेना अनिवार्य है। ऐसी कोई अनुमति इन्हें प्राप्त नहीं थी। इन्हीं कारणों के चलते मजारों को अतिक्रमण घोषित कर उन्हें रविवार को गिराया गया।

डीएफओ ने बताया कि मजार कमेटी ने इससे पहले विभाग की कार्रवाई के खिलाफ उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया था, लेकिन उसे कोई राहत नहीं मिली। उन्होंने बताया कि जिस स्थान से अतिक्रमण हटाया गया है, वहां सुरक्षा कारणों से वन विभाग के कर्मचारियों, स्पेशल टाइगर प्रोटेक्शन फोर्स, पुलिस व पीएसी की तैनाती की गयी है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News