चलती ट्रेन में लगी आग…धू-धूकर जली पातालकोट एक्सप्रेस

चलती ट्रेन में लगी आग…धू-धूकर जली पातालकोट एक्सप्रेस
Published on: 

आगरा: पंजाब के फिरोजपुर छावनी से मध्यप्रदेश जाने वाली पातालकोट एक्सप्रेस ट्रेन के दो डिब्बो में बुधवार शाम को आग लग गई। जिसके बाद यात्रियों में हड़कंप मच गया। यह घटना आगरा स्टेशन के पास घटी। हादसे में 2 यात्री के घायल होने की सूचना है। घायलों को फौरन अस्पताल में भर्ती करवाया गया। आग लगने के कारणों की वजह साफ नहीं हो पाई।

मौके पर फॉरेंसिक टीम को भेजा गया

आगरा पुलिस आयुक्त कार्यालय के पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) सोनम कुमार ने कहा कि दो यात्री घायल हो गये जिन्हें अस्पताल ले जाया गया है। दमकल की 5 गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। जबकि घटना की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को मौके पर भेजा गया।

रेलवे के आगरा मंडल की जनसंपर्क अधिकारी प्रशस्ति श्रीवास्तव ने जानकारी देते हुए कहा कि बुधवार शाम करीब पौने चार बजे पातालकोट एक्सप्रेस ट्रेन आगरा स्टेशन से रवाना हुई। उत्तर मध्य रेलवे के आगरा मंडल में भांडई और जाजउ के बीच यह घटना घटी। जिनमें दो डिब्बे पूरी तरह जल गए। चूंकि उनसे सटे दो और डिब्बे भी प्रभावित हुए हैं, ऐसे में चार डिब्बे ट्रेन से अलग कर दिये गए। वहीं स्थिति अब नियंत्रण में है। वहीं, भांडई आगरा स्टेशन से लगभग 10 किलोमीटर दूर है और आग तब लगी जब ट्रेन भांडई से अगले स्टेशन के लिए रवाना हो चुकी थी। जब धुंए का पता चला तब ट्रेन को रोका गया तथा डिब्बों को तुरंत खाली कराया गया। आगरा-धौलपुर मार्ग पर ट्रेनों का परिचालन थोड़ी देर के लिए प्रभावित हुआ है तथा कई स्टेशनों पर रेलगाड़ियों को रोक दिया गया।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in