प्रेम विवाह से नाराज पिता ने थाने में ही बेटी की ली जान, ऑनर किलिंग से दहला बांदा

वन स्टॉप सेंटर भेजने से पहले चली चाकू की धार, ऑनर किलिंग ने पुलिस सुरक्षा और समाज की सोच पर उठाए कड़े सवाल
थाने के भीतर हुई इस हत्या ने पुलिस व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में एक पिता ने अपनी ही 19 वर्षीय बेटी की थाने के भीतर चाकू मारकर हत्या कर दी।
Published on

बांदा: उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में ऑनर किलिंग की एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। प्रेम विवाह से नाराज एक पिता ने अपनी ही 19 वर्षीय बेटी की थाने के भीतर चाकू मारकर हत्या कर दी। यह वारदात बदौसा थाना परिसर में हुई, जहां पुलिस युवती को वन स्टॉप सेंटर भेजने की तैयारी कर रही थी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।

प्रेम प्रसंग से नाराज था परिवार

जानकारी के मुताबिक बदौसा थाना क्षेत्र के बरछा-बी गांव निवासी शिवानी का पड़ोसी गांव के युवक ललित के साथ पिछले दो वर्षों से प्रेम संबंध था। दोनों परिवारों को इस रिश्ते की जानकारी थी और इसे लेकर कई बार विवाद भी हो चुका था। बीते 18 मई को शिवानी अपने प्रेमी के साथ घर छोड़कर चली गई थी, जिसके बाद उसकी मां ने ललित के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कराया था।

पुलिस दोनों की तलाश कर रही थी। शुक्रवार को पुलिस ने मध्य प्रदेश के सतना जिले से दोनों को बरामद कर बदौसा थाने लाया। पूछताछ के दौरान शिवानी ने बताया कि वह अपनी मर्जी से गई थी और ललित के साथ मंदिर में विवाह भी कर चुकी है। उसने स्पष्ट कहा कि वह अपने पति के साथ ही रहना चाहती है।

थाने के भीतर हुई इस हत्या ने पुलिस व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ होंगे भारत के नए सेना प्रमुख, 30 जून से संभालेंगे कमान

थाने में छिपाकर लाया था चाकू

पुलिस के अनुसार, युवती के बयान दर्ज होने के बाद उसे वन स्टॉप सेंटर भेजने की प्रक्रिया चल रही थी। इसी दौरान उसका पिता सत्यकुमार, जो पहले से अपनी पैंट की जेब में बटनदार चाकू छिपाकर लाया था, अचानक आपा खो बैठा। उसने बेटी पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक उसने शिवानी पर चार वार किए, जिनमें तीन वार पेट में और एक हाथ पर किया गया। युवती गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़ी। उसकी चीख सुनकर पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और आरोपी पिता को दबोच लिया।

अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम

घायल शिवानी को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। हालांकि मेडिकल कॉलेज पहुंचने से पहले ही उसने रास्ते में दम तोड़ दिया।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी पिता ने पुलिस को बताया कि उसने अपनी बेटी को बहुत प्यार से पाला था, लेकिन प्रेमी के साथ घर छोड़कर जाने और विवाह करने के कारण समाज में उसकी बदनामी हो रही थी। उसने दावा किया कि थाने में भी बेटी लगातार प्रेमी के साथ रहने की जिद कर रही थी, जिससे वह अपना आपा खो बैठा।

हत्या का मामला दर्ज, आरोपी गिरफ्तार

घटना के बाद युवती की मां रन्नो की तहरीर पर पुलिस ने सत्यकुमार के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। मौके से खून से सना चाकू भी बरामद किया गया है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं।

बांदा के पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने बताया कि आरोपी पिता को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

सुरक्षा व्यवस्था पर भी उठे सवाल

थाने के भीतर हुई इस हत्या ने पुलिस व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि आरोपी पिता चाकू लेकर थाने में कैसे पहुंच गया और तलाशी के बावजूद हथियार अंदर तक कैसे पहुंचा। घटना के बाद पुलिस विभाग भी सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा में जुट गया है।

यह घटना एक बार फिर समाज में मौजूद तथाकथित "इज्जत" की सोच पर गंभीर सवाल खड़े करती है, जहां प्रेम विवाह करने की कीमत एक बेटी को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी।

थाने के भीतर हुई इस हत्या ने पुलिस व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
असम में 18 साल से ऊपर के लोगों को अब नहीं मिलेगा आसानी से आधार कार्ड
Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in