

केंद्र सरकार ने लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ को भारतीय सेना का अगला प्रमुख नियुक्त किया है। वह 30 जून 2026 की दोपहर से सेना प्रमुख का पद संभालेंगे। मौजूदा सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी उसी दिन सेवा से रिटायर होंगे।
लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ फिलहाल सेना के उप प्रमुख (Vice Chief of Army Staff) के पद पर कार्यरत हैं। उन्हें करीब चार दशक का सैन्य अनुभव है और उन्होंने सेना के ऑपरेशनल, रणनीतिक योजना, आधुनिकीकरण और क्षमता विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण पदों पर काम किया है।
NDA से की सैन्य यात्रा की शुरुआत
लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ राष्ट्रीय रक्षा अकादमी के पूर्व छात्र हैं। दिसंबर 1986 में उन्हें आर्मर्ड कॉर्प्स में कमीशन मिला था। अपने लंबे सैन्य करियर के दौरान उन्होंने अलग-अलग चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में कमान संभाली।
उन्होंने रेगिस्तानी क्षेत्र में आर्मर्ड रेजिमेंट, पश्चिमी थिएटर में आर्मर्ड ब्रिगेड और जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद विरोधी अभियानों से जुड़ी फोर्स की कमान संभाली।
कई अहम सैन्य जिम्मेदारियां संभालीं
लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ ने भारतीय सेना की प्रमुख स्ट्राइक फॉर्मेशन में से एक सुदर्शन चक्र कोर की कमान भी संभाली। इसके बाद उन्होंने दिल्ली एरिया के जनरल ऑफिसर कमांडिंग के रूप में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय सैन्य कार्यक्रमों की जिम्मेदारी निभाई।
वह दक्षिण पश्चिमी कमान और दक्षिणी कमान के सेना कमांडर भी रह चुके हैं। दो अलग-अलग ऑपरेशनल आर्मी कमांड की कमान संभालने का गौरव उन्हें हासिल है।
सेना के आधुनिकीकरण में अहम योगदान
लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ ने सेना मुख्यालय में रणनीतिक योजना और क्षमता विकास से जुड़े महत्वपूर्ण पदों पर काम किया है। उन्होंने सेना के आधुनिकीकरण, नई तकनीकों के इस्तेमाल और भविष्य की युद्ध जरूरतों के अनुरूप क्षमता निर्माण में योगदान दिया है।
वह हायर कमांड कोर्स और नेशनल डिफेंस कॉलेज के स्नातक हैं। इसके अलावा उन्होंने पेरिस में कमांड एंड स्टाफ कोर्स भी किया है। उनके व्यापक सैन्य अनुभव और रणनीतिक समझ को देखते हुए उन्हें सेना की कमान सौंपी गई है।