CM योगी ने कहा- देश की अर्थव्यवस्था का संबल बन रहा यूपी

उत्तर प्रदेश अब ‘बीमारू’ राज्य नहीं रहा
CM योगी आदित्यनाथ
CM योगी आदित्यनाथ
Published on

मथुरा : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा से उत्तर प्रदेश ‘बीमारू’ राज्य की छवि को पीछे छोड़ते हुए आज भारत की अर्थव्यवस्था का एक मजबूत संबल बन रहा है।

मथुरा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने BJP के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का उत्तर प्रदेश के पहले दौरे पर हार्दिक स्वागत किया।

आदित्यनाथ ने कहा कि यह गर्व का विषय है कि नितिन नबीन का पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहला दौरा योगेश्वर श्रीकृष्ण की पवित्र भूमि मथुरा में हुआ है। उत्तर प्रदेश की जनता और राज्यभर के BJP कार्यकर्ताओं की ओर से मैं राष्ट्रीय अध्यक्ष का हार्दिक स्वागत करता हूं और उन्हें बधाई देता हूं।

मुख्यमंत्री ने नितिन नबीन को युवा ऊर्जा और संगठनात्मक शक्ति का प्रतीक बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के पाटलिपुत्र से पांच बार विधायक रह चुके नवीन ने BJP में विभिन्न संगठनात्मक दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ किया है।

आदित्यनाथ ने कहा कि मथुरा और इसके आसपास के क्षेत्र - वृंदावन, बरसाना, गोकुल, गोवर्धन, नंदगांव और बलदेव सदियों से सनातन धर्म के अनुयायियों के लिए प्रेरणा के केंद्र रहे हैं। इस भूमि का हर कण श्रीकृष्ण और राधा रानी की आध्यात्मिक विरासत को अपने भीतर समेटे हुए है।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि यह जिला BJP के विचारक पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जन्मभूमि होने के कारण भी विशेष महत्व रखता है। ‘डबल इंजन’ सरकार के तहत हुए विकास का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब ‘बीमारू’ राज्य नहीं रहा, बल्कि राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था का विकास इंजन बन गया है।

योगी ने कहा, सरकार ने प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा सुनिश्चित की है और बिना किसी भेदभाव के कल्याणकारी योजनाओं को लागू किया है, जिससे किसान, युवा, महिलाएं और गरीब समान रूप से लाभान्वित हो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखते हुए गांवों से लेकर शहरों तक विकास कार्य प्रभावी ढंग से किए जा रहे हैं। राज्य की बदली छवि पर प्रकाश डालते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय ऐसा था जब उत्तर प्रदेश अपनी पहचान के लिए संघर्ष कर रहा था और उसकी विरासत का उपहास उड़ाया जाता था।

आदित्यनाथ ने कहा, आज वही उत्तर प्रदेश भारत के आर्थिक विकास में निर्णायक भूमिका निभा रहा है, जिसमें युवा, किसान और महिलाएं सक्रिय रूप से योगदान दे रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के भाजपा कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष के नेतृत्व में विकास को नयी गति देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in