

नई दिल्ली : अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले को लेकर जारी राजनीतिक विवाद के बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की।
यह बैठक ऐसे समय में हुई है, जब विपक्ष इस मुद्दे को लेकर राज्य सरकार पर लगातार सवाल उठा रहा है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को दिल्ली पहुंचे, जहां उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से उनके आवास पर मुलाकात की। हालांकि, बैठक में किन-किन मुद्दों पर चर्चा हुई, इसे लेकर सरकार की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है। राजनीतिक गलियारों में इस मुलाकात को काफी अहम माना जा रहा है।
गौरतलब है कि अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी का मामला सामने आने के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। विपक्षी दल इस घटना को लेकर सरकार और संबंधित प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं।
विपक्ष का आरोप है कि देश की आस्था के सबसे बड़े केंद्रों में से एक में इस तरह की घटना गंभीर चिंता का विषय है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। वहीं, राज्य सरकार और संबंधित अधिकारियों का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और जांच प्रक्रिया जारी है। दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि राम मंदिर से जुड़ा यह मामला संवेदनशील होने के कारण सरकार हर पहलू पर सतर्कता बरत रही है। ऐसे में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बीच हुई यह मुलाकात प्रशासनिक और राजनीतिक दोनों दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
हालांकि, बैठक के एजेंडे को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन माना जा रहा है कि प्रदेश के कानून-व्यवस्था, संगठनात्मक विषयों और अन्य समसामयिक मुद्दों पर भी चर्चा हुई होगी।