बलिया में छत्तीसगढ़ पुलिसकर्मी से मारपीट, तीन निलंबित

छत्तीसगढ़ पुलिसकर्मी से मारपीट पर ग्रामीणों का हंगामा
सांकेतिक तस्वीर
सांकेतिक तस्वीर
Published on: 

बलिया : उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में दोकटी थाना क्षेत्र की लालगंज पुलिस चौकी में छत्तीसगढ़ पुलिस के एक कर्मी के साथ कथित तौर पर मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है और लापरवाही बरतने के आरोप में तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। अधिकारी ने बताया कि मारपीट की एक अन्य घटना की शिकायत की जांच के सिलसिले में छत्तीसगढ़ पुलिस के एक कर्मी को पूछताछ के लिए लालगंज पुलिस चौकी लाया गया था।

पुलिसकर्मी के साथ कथित मारपीट से नाराज ग्रामीणों ने पुलिस चौकी का घेराव किया और जमकर हंगामा किया। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व विधायक सुरेन्द्र सिंह भी इस दौरान मौजूद रहे। हालांकि, पुलिस अधिकारी ने छत्तीसगढ़ के पुलिसकर्मी के साथ चौकी में मारपीट किए जाने के आरोप को बेबुनियाद बताया है।

बैरिया क्षेत्र के पुलिस उपाधीक्षक आलोक गुप्ता ने सोमवार को बताया कि दोकटी थाना क्षेत्र के लालगंज गांव के निवासी मोहित कुमार राम ने मारपीट की एक घटना के संबंध में रविवार को लालगंज पुलिस चौकी में शिकायत दी थी।

उन्होंने बताया कि शिकायत की जांच के सिलसिले में चौकी पर तैनात पुलिसकर्मी छत्तीसगढ़ पुलिस के कर्मी सुशील पासी (35) को पूछताछ के लिए रविवार दोपहर चौकी लाए थे। पासी इस मामले में आरोपी हैं।

गुप्ता ने बताया कि इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण पुलिस चौकी पहुंचे और उसका घेराव कर हंगामा शुरू कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे।

ग्रामीणों का आरोप था कि चौकी में पुलिसकर्मियों ने सुशील पासी को बुरी तरह पीटा जिससे वह घायल होकर बेहोश हो गए। प्रदर्शनकारियों ने दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई किए जाने की मांग की।

पुलिस उपाधीक्षक गुप्ता ने बताया कि आक्रोशित ग्रामीणों को समझा-बुझाकर रविवार रात शांत कराया गया और सुशील पासी के परिजनों एवं प्रदर्शनकारियों की शिकायत के बाद उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

गुप्ता के अनुसार, चिकित्सकों ने स्पष्ट किया है कि चिकित्सकीय जांच में सुशील के शरीर पर चोट का कोई निशान नहीं मिला है। उन्होंने सुशील के साथ मारपीट किए जाने के आरोप को बेबुनियाद बताया।

उन्होंने बताया कि लालगंज पुलिस चौकी में तैनात पुलिसकर्मियों ने सुशील पासी के खिलाफ मिली शिकायत के बारे में थाना प्रभारी और चौकी प्रभारी को कोई जानकारी नहीं दी थी। इस लापरवाही के आरोप में चौकी पर तैनात तीन आरक्षी- बृजेश कुमार, नरसिंह पटेल और प्रशांत जायसवाल को निलंबित कर दिया गया है।

गुप्ता ने बताया कि मौके पर शांति व्यवस्था कायम है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस चौकी पर हंगामा करने वाले लोगों की पहचान की जा रही है।

सांकेतिक तस्वीर
लखनऊ अग्निकांड के बाद LDA की बड़ी कार्रवाई
सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News