

बलिया : पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के सहयोगी चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामले में गिरफ्तार उत्तर प्रदेश के बलिया निवासी राज सिंह के वकील ने मामले की केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) से जांच कराये जाने के आदेश का स्वागत करते हुए न्याय की उम्मीद जताई है।
राज सिंह के अधिवक्ता हरिवंश सिंह ने मंगलवार को यहां बातचीत में पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के सहयोगी चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामले की सीबीआई जांच के आदेश का स्वागत करते हुए राज को बेकसूर बताया।
उन्होंने कहा, CBI जब मामले की जांच करेगी तो उसकी टीम बलिया जरूर आयेगी। और तब वह सीसीटीवी फुटेज को देखेगी जिससे साबित हो जाएगा कि राज सिंह निर्दोष है और उसे गलत तरीके से फंसाया गया है।
अधिवक्ता सिंह ने राज की गिरफ्तारी को अवैध करार देते हुए पश्चिम बंगाल पुलिस पर गिरफ्तारी के लिए कानूनी औपचारिकता का पालन न करने का आरोप भी लगाया है।
उन्होंने कहा कि गिरफ्तार करने के बाद राज को कोलकाता ले जाने के लिये पुलिस को मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी न्यायालय से ट्रांजिट रिमांड हासिल करना चाहिए था लेकिन कोलकाता पुलिस ने ऐसा नहीं किया तथा राज को लेकर चली गई।
इस बीच, राज सिंह की गिरफ्तारी के बाद रसूखदार लोगों के साथ उसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर आए हैं।
राज सिंह ने सोशल नेटवर्किंग साइट फेसबुक पर अलग-अलग तिथियों पर रसूखदार लोगों के साथ अपनी फोटो और वीडियो पोस्ट किये हैं। राज ने फेसबुक पर स्वयं को अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा उत्तर प्रदेश का महासचिव और चिलकहर ब्लाक का 2026 का ब्लाक प्रमुख करार दिया है।
राज ने गत सात मई को विधान परिषद सदस्य रवि शंकर सिंह पप्पू की पुत्री के लखनऊ में आयोजित समारोह में सम्मिलित होने की तस्वीर भी पोस्ट की है। फेसबुक पर राज ने प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह और भाजपा के पूर्व सांसद ब्रज भूषण सिंह के साथ अपनी तस्वीर भी पोस्ट की है।
इससे पहले, सोमवार को राज सिंह की मां जसवंती सिंह ने अपने बेटे को बेकसूर बताते हुए कहा था कि उनके पास पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री के सहयोगी चंद्रनाथ रथ की हत्या वाले दिन यानी छह मई को बलिया में अपने बेटे की मौजूदगी साबित करने के लिए सीसीटीवी फुटेज है।
उन्होंने कहा था, राज छह मई को बलिया में था। वह यहीं पर खरीदारी करने गया था और हमारे घर, दुकानों और एक जिम के सीसीटीवी फुटेज मौजूद हैं। कोलकाता में हमारा कोई रिश्तेदार नहीं है और राज कभी वहां नहीं गया, यहां तक कि घूमने के लिए भी नहीं।
जसवंती ने मामले की CBI से जांच कराने की मांग करते हुए कहा था कि मामले की निष्पक्ष जांच हो और उनके बेटे को न्याय दिया जाए।
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के सहयोगी चंद्रनाथ रथ की गत छह मई को उत्तरी 24 परगना जिले के मध्यमग्राम में गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी। इस मामले में अब तक बलिया निवासी राज सिंह समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। प्रकरण की जांच अब सीबीआई के हवाले कर दी गयी है।