गोंडा में व्यापारी की हत्या : थानाध्यक्ष समेत तीन निलंबित, जांच शुरू

सपा ने निष्पक्ष उच्चस्तरीय जांच व कड़ी कार्रवाई की मांग की
गोंडा में व्यापारी की हत्या : थानाध्यक्ष समेत तीन निलंबित, जांच शुरू
Published on

गोंडा : गोंडा में 45 वर्षीय व्यापारी की हत्या के मामले में कथित लापरवाही और कर्तव्य में कोताही बरतने के आरोप में थाना प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।

पुलिस अधीक्षक (एसपी) अभिषेक ने बताया कि परसपुर के थानाध्‍यक्ष उप निरीक्षक कमला शंकर चतुर्वेदी, शाहपुर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अंकित सिंह और आरक्षी अभिमन्यु भारती को ड्यूटी में लापरवाही बरतने के कारण तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उनके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।

कोंडरे थाना प्रभारी कृष्ण गोपाल राय को परसपुर थाने का नया थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले में तीसरे आरोपी आकाश सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।

यह कार्रवाई विनोद कुमार साहनी की मौत के बाद की गई। अधिकारियों बताया कि परसपुर क्षेत्र के रेक्सड़िया गांव निवासी साहनी (45) की शाहपुर बाजार में बर्तन की दुकान थी और बुधवार शाम सोशल मीडिया पर किए गए पोस्ट को लेकर विवाद के बाद कुछ लोगों ने हमला कर दिया था। लखनऊ के एक अस्पताल में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, बुधवार शाम दुकान बंद करके मोटरसाइकिल से घर लौट रहे साहनी को चार मोटरसाइकिलों पर सवार 10 लोगों ने रास्ते में रोक लिया और कथित तौर पर हमला किया।

अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिम) राधेश्याम राय ने बृहस्पतिवार को बताया था कि हमलावरों ने साहनी पर कई हथियारों से हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए और हमलावर उन्हें मृत समझकर मौके से फरार हो गए।

साहनी को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उन्हें गोंडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। हालत बिगड़ने पर उन्हें लखनऊ ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

पुलिस ने बताया कि साहनी ने हमलावरों में से तीन की पहचान की थी। उनकी शिकायत के आधार पर शुभम सिंह उर्फ गोलू, सुभाष सिंह और आकाश सिंह समेत 10 नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। साहनी की मौत के बाद प्राथमिकी में हत्या की धारा भी जोड़ दी गई।

अधिकारी ने कहा, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पीड़ित और आरोपियों के बीच सोशल मीडिया पर किए गए पोस्ट को लेकर विवाद था। पुलिस ने पहले दो आरोपियों-शुभम सिंह उर्फ गोलू और सुभाष सिंह को गिरफ्तार कर लिया था। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम तैनात की गई हैं।

मृतक की बेटी विजयलक्ष्मी ने आरोप लगाया कि उनके पिता पर हमले के बाद परिवार के सदस्य थाने और पुलिस चौकी गए थे, लेकिन उनकी शिकायत पर ध्यान नहीं दिया गया।

हत्या के बाद लखनऊ स्थित किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी के शवगृह में विरोध प्रदर्शन भी हुआ। उत्तर प्रदेश के मंत्री और निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद ने बृहस्पतिवार को वहां धरना दिया। उनके साथ समाजवादी पार्टी के पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष राजपाल कश्यप भी मौजूद थे।

मौत की जानकारी मिलने के बाद निषाद शवगृह पहुंचे, जहां उन्होंने मृतक के परिजनों से मुलाकात की और हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। उन्होंने परसपुर थाना प्रभारी, शाहपुर चौकी प्रभारी और संबंधित अन्य पुलिसकर्मियों को बर्खास्त करने की मांग की। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी साहनी की हत्या मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच की मांग की है।

गोंडा में व्यापारी की हत्या : थानाध्यक्ष समेत तीन निलंबित, जांच शुरू
अंकित बालियान हत्याकांड : फरार शूटरों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग
Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in