शाहजहांपुर में मकान के ताले को लेकर बर्बर हमला : मां-बेटी की डंडों से पिटाई

नौ आरोपियों पर मुकदमा, दो महिलाएं गिरफ्तार
सांकेतिक फोटो
सांकेतिक फोटो
Published on

शाहजहांपुर : शाहजहांपुर जिले के निगोही थाना क्षेत्र के धूलिया गांव में मकान का ताला तोड़ने को लेकर हुए विवाद में मां-बेटी को डंडों से बेरहमी से पीटा गया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक, हमलावरों ने अचेत होकर गिरी महिला (50) के निजी अंगों पर भी वार किए। इस मामले में नौ आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर दो महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर आया है।

पुलिस अधीक्षक (SP) सौरभ दीक्षित ने मंगलवार को बताया कि धूलिया गांव के निवासी कृपाल के मकान पर कुछ लोगों ने ताला लगा दिया था। कृपाल ने ताला तोड़कर परिवार सहित रहना शुरू कर दिया। इससे नाराज होकर आरोपी पक्ष सोमवार को लाठी-डंडे लेकर पहुंचा और घर में मौजूद मां-बेटी को बुरी तरह पीटने लगा।

वायरल वीडियो में दिख रहा है कि कई आरोपी मां-बेटी को लगातार डंडों से पीट रहे हैं। मां को बचाने के लिए बेटी उसके ऊपर लेट गई तो आरोपियों ने उसे भी पीटा। जमीन पर गिरी महिला के निजी अंगों पर भी डंडों से वार किए गए। हमलावरों की संख्या अधिक होने के कारण कोई बचाव के लिए आगे नहीं आया।

एसपी ने बताया कि सूचना पर पुलिस पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। पुलिस ने मामले में आरोपी कविता और साक्षी को गिरफ्तार कर लिया है। गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है।

पुलिस के अनुसार, इस मामले में प्रदीप, संदीप, वीरेंद्र, मुनेंद्र, अरविंद, सुखविंदर, कविता, साक्षी और हवलदार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें बनाई गई हैं। फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था बनी हुई है।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in