भाजपा ने 403 महिला विस्तारकों को सौंपी यूपी चुनाव की जिम्मेदारी

403 महिला कार्यकर्ताओं के जरिए भाजपा का संगठनात्मक शक्ति प्रदर्शन
Lucknow
भाजपा
Published on: 

लखनऊ : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारी तेज करते हुए आठ राज्यों की 403 महिला विस्तारकों को प्रदेश की सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में मतदाताओं तक पहुंचने की जिम्मेदारी सौंपी है।

इस संबंध में शुक्रवार को यहां विश्वेश्वरैया सभागार में भाजपा महिला मोर्चा की महिला विस्तारकों की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में गुजरात, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, दिल्ली, बिहार, झारखंड, राजस्थान एवं महाराष्ट्र सहित आठ राज्यों से 403 महिला विस्तारकों ने सहभागिता की।

भाजपा राज्य मुख्यालय से जारी एक बयान के मुताबिक ये महिला कार्यकर्ता विधानसभा क्षेत्रों का दौरा कर लोगों, विशेषकर महिलाओं से सीधा संपर्क करेंगी और केंद्र एवं उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकारों की कल्याणकारी योजनाओं व उपलब्धियों के बारे में जागरूकता फैलाएंगी।

बैठक में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी, राष्ट्रीय महासचिव और उत्तर प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह और राज्यसभा सदस्य मेधा कुलकर्णी सहित वरिष्ठ नेता शामिल हुए।

बैठक में भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष रूप कुमारी चौधरी और प्रदेश अध्यक्ष सरोज कुशवाहा भी मौजूद रहीं।

तावड़े ने कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि महिला विस्तारकों को सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में व्यापक जनसंपर्क करना होगा। वे घर-घर जाएंगी, लोगों और मतदाताओं से सीधा संवाद करेंगी और केंद्र एवं राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी देंगी।

पंकज चौधरी ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव केवल राजनीतिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि संगठनात्मक शक्ति, जनविश्वास और जनसंपर्क से जुड़ा व्यापक अभियान है। इसमें महिलाओं की अहम भूमिका होगी।

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि भाजपा में महिला कार्यकर्ता केवल कार्यकर्ता नहीं, बल्कि स्टार प्रचारक हैं। उन्हें महिलाओं को पार्टी की विचारधारा और केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं से जोड़ना चाहिए।

उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि महिलाओं तक यह संदेश पहुंचाया जाना चाहिए कि भाजपा सरकार में उत्तर प्रदेश भयमुक्त है और महिलाएं व बेटियां सुरक्षित हैं।

धर्मपाल सिंह ने कहा कि महिला विस्तारकों को अपने संगठनात्मक अनुभव और कौशल का उपयोग कर हर विधानसभा क्षेत्र में पार्टी की विचारधारा और सरकार की उपलब्धियों को लोगों तक पहुंचाना चाहिए।

Lucknow
लखनऊ : 2 प्रोफेसरों की नियुक्ति निरस्तीकरण आदेश रद्द
सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News