बिहार को तेजस्वी के रूप में युवा, ऊर्जावान मुख्यमंत्री मिलेगा : अखिलेश यादव

अमित शाह पर तंज कसते हुए कहा 'भाजपा घुसपैठियों से ज़्यादा घूस पर ध्यान देती है'
Akhilesh Yadav
Published on

रायपुर : समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को कहा कि बिहार में बदलाव की बयार बह रही है और वहां चल रहे विधानसभा चुनावों में 'इंडिया' गठबंधन जीत की ओर अग्रसर है। ओडिशा रवाना होने से पहले रायपुर के स्वामी विवेकानंद हवाई अड्डे पर संक्षिप्त ठहराव के दौरान अखिलेश यादव ने संवाददाताओं से कहा कि बिहार में जनता का मूड स्पष्ट रूप से दर्शाता है कि राज्य के लोग राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार युवा और ऊर्जावान तेजस्वी यादव को इस पद पर देखना चाहते हैं।

यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री यादव ने संवाददाताओं से कहा, ‘मैं जो कह रहा हूं, वह आपके कैमरे में दिखाई गई बातों से कम महत्वपूर्ण है। कैमरा तो असली जनसमर्थन को कैद कर रहा है।’ उन्होंने कहा, ‘बिहार बदलाव लाने के साथ-साथ एक युवा मुख्यमंत्री भी चुनने जा रहा है। बिहार को एक नया मुख्यमंत्री मिलने वाला है, एक नयी ऊर्जा वाला युवा मुख्यमंत्री।

यादव ने कहा कि राजद नीत महागठबंधन और ‘इंडिया’ गठबंधन बिहार में जीत की ओर बढ़ रहे हैं तथा उनकी सफलता चुनावों के बाद राष्ट्रीय स्तर पर गठबंधन को और मजबूत करेगी। बिहार में विधानसभा चुनाव का पहला चरण छह नवंबर को हुआ था, जबकि दूसरा और अंतिम चरण 11 नवंबर को होना है। नतीजे 14 नवंबर को घोषित किए जाएंगे।

भाजपा घुसपैठियों से ज़्यादा घूस पर ध्यान देती है

सपा अध्यक्ष यादव ने कहा, ‘भाजपा 11 साल से अधिक समय से सत्ता में है। अगर इस दौरान घुसपैठिए देश में घुस आए हैं, तो इसके लिए कौन जिम्मेदार है? खुद भाजपा। भाजपा को खुद ही सूची बनानी होगी कि इन 11 वर्षों में कितने घुसपैठिये आए और कितने पहले (2014) आ चुके हैं। भाजपा घुसपैठियों से ज़्यादा घूस पर ध्यान देती है।’

सांप्रदायिक दल को अयोध्या में मिली हार

उन्होंने परोक्ष तौर पर फैजाबाद लोकसभा सीट पर भाजपा की हार का उल्लेख करते हुए कहा, 'भाजपा ‘डबल इंजन’ वाली सरकारों की बात करती है, लेकिन लोगों ने उन्हें उन जगहों पर भी सबक सिखाया है जहां से उनकी सांप्रदायिक राजनीति शुरू हुई थी।

यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी अन्य राज्यों में अपना विस्तार करने के लिए काम कर रही है। सपा अध्यक्ष यादव ने कहा, ‘हम सपा को एक राष्ट्रीय पार्टी बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। छत्तीसगढ़ में समाजवादी पार्टी अपने प्रयास जारी रखेगी और (नुआपाड़ा) उपचुनाव के जरिए हम ओडिशा में अपनी उपस्थिति के बीज बो रहे हैं। आने वाले वर्षों में सपा प्रदेश में अपना आधार मजबूत करेगी।’

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in