बहराइच : बेटी के घर से 50 लाख रुपये के आभूषण चोरी, पिता समेत तीन पर मुकदमा दर्ज

ननद को नशीली चाय पिलाकर 50 लाख के जेवर चुराए
पुलिस ने शातिर महिला को किया गिरफ्तार
पुलिस ने शातिर महिला को किया गिरफ्तार
Published on: 

बहराइच : बहराइच जिले के थाना दरगाह शरीफ क्षेत्र में अपनी ही बेटी के घर से 50 लाख रुपये मूल्य के आभूषण चोरी किए जाने के आरोप में पुलिस ने 70 वर्षीय व्यक्ति, उसकी बहू और पोते पर मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने मामले में पीड़िता सोनी बंसल की भाभी को गिरफ्तार लिया है तथा बाकी 2 आरोपियों की तलाश की जा रही है।

थाना दरगाह शरीफ क्षेत्र की डीएसएल ग्रीन सिटी कॉलोनी निवासी दवा व्यापारी मनोज तुलस्यान ने बताया कि 17 नवंबर को उनके ससुर रविंद्र खेतान (70), बहू शिवानी खेतान और पोता विष्णु खेतान (16) उनके घर आए थे और वहीं ठहरे हुए थे।

मनोज के अनुसार, 18 नवंबर को वह और उनका बेटा दुकान पर चले गए और वापस लौटने पर उनकी पत्नी बेहोश मिलीं। बहराइच में शुरुआती उपचार के बाद हालत में सुधार न होने पर उसे लखनऊ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पीड़ित ने बताया, लखनऊ जाते ही शिवानी खेतान और अन्य रिश्तेदार घर से निकल गए। 21 नवंबर को जब हम वापस लौटे तो देखा कि घर के लॉकर से सोना, चांदी और हीरे के आभूषण गायब थे।

अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) अशोक कुमार सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर 22 नवंबर को तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पुलिस की कई टीम ने जांच के दौरान मोबाइल फोन के विवरण, सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की।

सिंह ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि ननद के कीमती आभूषण देखकर उसे चोरी की योजना सूझी। उसके पास पहले से मौजूद डिप्रेशन की दवाओं को चाय में मिलाकर पीड़िता को बेहोश किया गया और फिर जेवर चोरी किए गए।

पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी ने आभूषण की कई दुकानों पर चोरी किए जेवरात बेचने की कोशिश की लेकिन आधार कार्ड और पहचान पत्र मांगने पर वह ऐसा नहीं कर सकी।

पुलिस के अनुसार, मामले में फरार पीड़िता के बुजुर्ग पिता और नाबालिग भतीजे की तलाश जारी है। गिरफ्तार शिवानी खेतान को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in