बदायूं : मक्का के खेत में मिलाआशा कार्यकर्ता का अर्धनग्न शव, टीकाकरण के लिए गई थी गांव

शव की स्थिति देख कर यौन उत्पीड़न की आशंका
सांकेतिक चित्र
सांकेतिक चित्र
Published on: 

बदायूं : बदायूं जिले के अलापुर इलाके में 40 वर्षीय आशा (मान्यता प्राप्त सामाजिक स्वास्थ्य कार्यकर्ता) कार्यकर्ता का शव सोमवार देर रात मक्का के खेत में अर्धनग्न अवस्था में मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शव की स्थिति देख कर यौन उत्पीड़न की आशंका जताई जा रही है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) बृजेश सिंह ने मंगलवार को बताया कि मृतका की पहचान राघवेंद्र जाटव की पत्नी राजकुमारी के रूप में हुई है, जो अलापुर थाने के हयातनगर गांव की निवासी है। वह सोमवार को टीकाकरण अभियान के लिए कुंदन नगला गांव गई थी। उन्होंने कहा कि उसे आखिरी बार शाम को एक एएनएम (सहायक नर्स दाई) के साथ स्कूटी पर अपने गांव लौटते हुए देखा गया था, जिसके बाद वह लापता हो गई। पुलिस को आपातकालीन सेवा के माध्यम से शव के बारे में सूचना मिली।

सिंह ने बताया कि शव अलापुर थाना क्षेत्र के खरखोली गांव में मक्के के खेत में मिला। उन्होंने बताया कि फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया और आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। एसएसपी सिंह ने बताया कि राघवेंद्र से राजकुमारी के दो बेटे और एक बेटी है। राघवेंद्र की पहली पत्नी की मृत्यु के बाद उसने 2003 में राजकुमारी से शादी की थी। राघवेंद्र की पहली शादी से भी एक बेटा है। यह भी पता चला है कि मृतका का बदायूं की एक दीवानी अदालत में उसी गांव के दो लोगों के साथ 1.5 बीघा जमीन को लेकर विवाद चल रहा है।

एसएसपी ने घटनास्थल का दौरा कर कहा कि उन्होंने मामले की जांच के लिए एसओजी और निगरानी इकाइयों सहित चार टीमों का गठन किया है। परिवार द्वारा जताए गए संदेह के आधार पर दो व्यक्तियों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। आगे की कानूनी कार्यवाही चल रही है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in