SIR ड्यूटी के दबाव से आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की मौत, प्रशासन ने मामले की जांच बिठाई

शाहजहांपुर में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की संदिग्ध मौत पर हड़कंप
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की संदिग्ध मौत
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की संदिग्ध मौत
Published on

शाहजहांपुर : उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) से जुड़े काम के दबाव के कारण कथित तौर पर एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की मौत के मामले में जांच शुरू कर दी गई है।

अधिकारियों के अनुसार, सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आने के बाद सिटी मजिस्ट्रेट प्रवेंद्र कुमार ने जांच के आदेश दिए। वीडियो में महिला की बेटी ने अधिकारियों पर उत्पीड़न और SIR से जुड़े काम के दबाव का आरोप लगाया है, जिससे उसकी मां गंभीर तनाव में आ गई थीं।

आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, शहर की निवासी प्रीति शंखवार (42) आंगनबाड़ी कार्यकर्ता थीं और उन्हें SIR से संबंधित ड्यूटी सौंपी गई थी। वह अस्वस्थ हो गई थीं और बुधवार को इलाज के लिए लखनऊ ले जाते समय उनकी मौत हो गई।

वायरल वीडियो में एम्बुलेंस में अपनी मां के शव के पास बैठी दिख रही बेटी ने आरोप लगाया कि कम वेतन वाली नौकरी होने के बावजूद उनकी मां पर अनुचित दबाव डाला गया। उसने दावा किया कि SIR ड्यूटी के अलावा उनसे विभागीय काम भी कराया गया और जब उन्होंने जिला कार्यक्रम अधिकारी से संपर्क किया तो उन्हें फटकार लगाई गई।

बेटी ने यह भी आरोप लगाया कि अधिकारियों की टिप्पणियों से उनकी मां को गंभीर तनाव में आ गईं, जिससे वह बीमार पड़ गईं और अंततः इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। उन्होंने अधिकारियों पर उनकी मां का जीवन 'कष्टदायी' बनाने का आरोप लगाया।

सिटी मजिस्ट्रेट प्रवेंद्र कुमार ने बताया कि मामले की जांच जारी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, SIR से संबंधित कार्यभार पहले ही काफी कम हो गया था और महिला का कोई भुगतान लंबित नहीं था।

उन्होंने बताया कि महिला पहले से अस्वस्थ थीं और जिला अस्पताल में भर्ती होने से पहले एक निजी अस्पताल में उनका उपचार किया जा रहा था, जहां से उन्हें लखनऊ रेफर किया गया था।

जिला कार्यक्रम अधिकारी अरविंद रस्तोगी ने उत्पीड़न और दुर्व्यवहार के आरोपों को निराधार बताते हुए खारिज किया है। उन्होंने कहा कि महिला का कोई बकाया लंबित नहीं था और करीब एक पखवाड़े पहले ही SIR से जुड़ा कार्यभार काफी कम कर दिया गया था। अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच जारी है।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in