अखिलेश यादव ने भाजपा सांसद एवं अभिनेता रवि किशन पर कसा तंज

कहा- भाजपा नेताओं के झूठ की पोल खोले
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव
Published on

लखनऊ : समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार को भाजपा के एक सांसद के जीएसटी को लेकर दिए गए बयान पर तंज कसते हुए कहा कि जनता ऐसे लोगों को साथ में बाजार लेकर जाए और इनके झूठ की पोल खोले।

पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने गोरखपुर से भाजपा सांसद एवं अभिनेता रवि किशन का वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) पर करीब 2 मिनट का एक वीडियो ‘एक्स’ पर साझा करते हुए पोस्ट किया, जीएसटी के नाम पर ‘उदाहरण के साथ’ सब चीजों की कीमत 50 प्रतिशत पर बताने वाले ऐसे लोग, जिन्हें कुछ भी नहीं पता है, वे ना ही बोलें तो भला है।

यादव ने इसी पोस्ट में कहा, ये सांसद झूठे भले न हों, पर अज्ञानी जरूर हैं। अभी इनके पास दिल्ली या वित्त मंत्री जी की तरफ से ‘समझाइश के रूप में डपटाई’ का फोन आता होगा। ऐसा फोन लखनऊ प्रदेश नेतृत्व से नहीं आएगा क्योंकि उधर भी हाल ऐसा ही है।

उन्होंने कहा, जनता ऐसे लोगों को साथ में बाजार लेकर जाए और इनके झूठ की पोल खोले तो इनकी अक्ल ठिकाने आए। भाजपाई मुंह पर झूठ बोलने का ब्रह्मांड रिकार्ड बना रहे हैं।

रवि किशन वीडियो में यह कहते हुए नजर आ रहे हैं कि ‘रुपये का माल आपको 45 पैसे में, सौ रुपये का सामान 45 रुपये में, 5 हजार रुपये का सामान 2,600 रुपये और 3 हजार रुपये की जैकेट 1,600 रुपये में मिलेगी।

उन्होंने कहा कि साड़ी, लहंगा, चुनरी सब पर 50 प्रतिशत तक छूट मिलेगी। भाजपा सांसद ने यह भी कहा कि जो वोट नहीं देता उसको भी ये सौगात है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की खूब प्रशंसा की।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in