

लखनऊ/ पटना : समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोमवार को कहा कि बिहार के आगामी विधानसभा चुनावों में उनकी पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) को पूर्ण समर्थन देगी। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान उत्तर प्रदेश में भाजपा द्वारा किए गए ‘घोटालों’ को पूरे बिहार में उजागर किया जाएगा।
यादव ने कहा, हम बिहार चुनाव में लालू प्रसाद यादव जी और तेजस्वी जी का पूरा समर्थन करेंगे। उत्तर प्रदेश में भाजपा द्वारा किए गए घोटालों का खुलासा बिहार में किया जाएगा और लोगों को सच्चाई बताई जाएगी।
जनता दल-यूनाइटेड (जद-यू) के साथ गठबंधन को लेकर भाजपा पर कटाक्ष करते हुए उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि भाजपा चुनावी फायदे के लिए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम और चेहरे का इस्तेमाल कर रही है, लेकिन उन्हें फिर से मुख्यमंत्री बनाने का कोई इरादा नहीं है।
यादव ने दावा किया, भाजपा नीतीश कुमार के नाम और चेहरे का इस्तेमाल कर रही है, लेकिन उन्हें फिर से मुख्यमंत्री नहीं बनाएंगे। हम एक बार उन्हें प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार बनाना चाहते थे, लेकिन अब देखिए- वह मुख्यमंत्री पद से ही ‘रिटायर’ हो जाएंगे। भाजपा उन्हें ‘रिटायर’ होने के लिए मजबूर करेगी।
सत्तारूढ़ भाजपा और उसके वैचारिक रुख पर निशाना साधते हुए सपा प्रमुख ने कहा, मैं केवल एक ही बात जानता हूं- सत्य का मार्ग ही धर्म का मार्ग है, वही सच्चा सनातन मार्ग है। जो लोग अन्याय करते हैं, भेदभाव करते हैं और बच्चों का राजनीति के लिए इस्तेमाल करते हैं, वे खुद को सनातनी नहीं कह सकते।