

लखनऊ : समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि गोरखपुर में उनके रोडशो के बाद एक बच्चे की बुलडोजर से कुचलकर मौत के मामले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दावों का सीसीटीवी फुटेज से भंडाफोड़ होने के बाद अब पीडीए कार्यकर्ताओं के घर-परिवार को परेशान किया जा रहा है।
गोरखपुर में बुधवार को अखिलेश यादव के रोडशो के बाद 14 वर्षीय एक लड़के की कथित तौर पर बुलडोजर से कुचलकर मौत हो गई थी। इस मामले में पुलिस ने बृहस्पतिवार देर रात जेसीबी चालक समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया था।
यादव ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक लंबी पोस्ट में आरोप लगाया कि सीसीटीवी फुटेज से बच्चे की मौत के संबंध में मुख्यमंत्री द्वारा फैलाया गया झूठ सामने आने के बाद वह बौखला गए हैं और दुनिया भर में बदनामी की आशंका से पीडीए कार्यकर्ताओं के परिजनों को परेशान कर रहे हैं।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे इस अन्याय और उत्पीड़न से डरें नहीं। मुख्यमंत्री की सत्ता अब केवल दो-तीन महीने की मेहमान है और वह चुनाव में हारकर पद से हटने वाले हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रह चुके यादव ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री की स्थिति इतनी कमजोर हो गई है कि दिल्ली के नेता उन्हें अपने यहां बुलाकर हाजिरी लगवा रहे हैं।
उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री की पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पर अलग दल बनाने की साजिश का आरोप लगाकर उन्हें धमकाया जा रहा है और प्रदेश संगठन उनकी ओर से तैयार उम्मीदवारों की सूची को फर्जी बताने के लिए जबरन हस्ताक्षर करवा रहा है। उन्होंने यह भी दावा किया कि उनके साथ उनकी पार्टी के 10 विधायक भी नहीं हैं।
यादव ने कहा कि नौकरशाही और पुलिस विभाग में कुछ गिने-चुने भ्रष्ट अधिकारियों को छोड़कर कोई भी मुख्यमंत्री के ‘अन्याय’ में उनका साथ नहीं दे रहा है। उन्होंने दावा किया कि उपमुख्यमंत्री उनकी बातों को खारिज कर रहे हैं और प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी भी धर्म के आधार पर मतदाताओं के आंकड़े देने से इनकार कर चुके हैं।
सपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि जनता, महिलाएं और युवा सरकार से नाराज हैं। उन्होंने लखनऊ के अग्निकांड में एक युवा की मौत के बाद उसकी मां के साथ कथित दुर्व्यवहार, आरक्षण और रोजगार के प्रति सरकार की सोच को इसकी वजह बताया।
उन्होंने कहा कि निवेशक पांच प्रतिशत अग्रिम कमीशन और ठेकेदार 50 प्रतिशत अग्रिम कमीशन की मांग से परेशान हैं। निर्माण कार्यों में भ्रष्टाचार के कारण राजमार्ग धंसने और पानी की टंकियां तथा पुल गिरने की घटनाएं इसका प्रमाण हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि दुकानदार और कारोबारी, कर अधिकारियों तथा थानों में कथित वसूली से परेशान हैं। अदालतों और तहसीलों में भ्रष्टाचार का गिरोह जनता को लूट रहा है। उनके मुताबिक, पीडीए समाज ने 2024 और 2026 के चुनावों में सरकार को हराकर अपनी एकजुटता दिखाई है।
उन्होंने यह भी दावा किया कि प्राध्यापकों, पत्रकारों, अधिकारियों और वकीलों के साथ सरकार के कथित अशोभनीय व्यवहार के कारण बुद्धिजीवी भी उससे नाराज हैं।