करंट लगने पर युवक को उपचार के लिए मिट्टी में दबाकर रखा, फिर हुआ ये

पीलीभीत के घुघचाई थाना क्षेत्र में हाई टेंशन तार की चपेट में आया युवक
सांकेतिक चित्र
सांकेतिक चित्र
Published on: 

पीलीभीत : पीलीभीत के घुघचाई थाना क्षेत्र में हाई टेंशन तार की चपेट में आने और फिर अंधविश्वास के तहत एक घंटे तक घर पर ही इलाज किये जाने के कारण एक व्यक्ति की मौत हो गई।

पुलिस ने कहा कि युवक के परिजनों ने एक घंटे तक मिट्टी में दबाकर उसका उपचार किया और फिर अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार, घुंघचाई थाना क्षेत्र के गांव लुकटिहाई निवासी दाताराम (35) शुक्रवार को बांस काट रहा था, इस बीच बांस के ऊपर से गुजर रहा बिजली का हाइटेंशन तार बांस से छू गया। इसके बाद बांस में करंट उतरने से दाताराम बिजली की चपेट में आ गया और वह तुरंत बेहोश हो गया।

ग्रामीणों के अनुसार, उसके रिश्तेदारों ने उसे अस्पताल ले जाने के बजाय उसे जमीन पर लिटाकर मिट्टी से दबा दिया और उसके हाथ-पैर रगड़कर लगभग एक घंटे तक उसे होश में लाने की कोशिश की। ग्रामीणों ने बताया कि यह प्रथा इस मान्यता पर आधारित है कि धरती शरीर से बिजली खींचकर जीवन वापस ला सकती है।

थाना प्रभारी प्रकाश चंद्र ने कहा, जब सभी प्रयास विफल रहे तो दाताराम को पुरनौर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in