

भदोही : भदोही जिले के औराई थाना क्षेत्र में ईद-उल-अज़हा (बकरीद) की पूर्व संध्या पर मस्जिद से नमाज पढ़कर निकले एक युवक से भीड़ ने बुरी तरह मारपीट की।
आरोप है कि युवक ने नमाज पढ़ाने वाले हाफिज से शरीयत को लेकर कुछ जानकारी मांगी थी। जवाब देने के बजाय हाफिज ने बाहर आकर लोगों को इकट्ठा कर लिया और युवक पर हमला कर दिया। पुलिस ने 12 नामजद और 20 से अधिक अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, घटना बुधवार रात करीब नौ बजे घोसिया के सदर मोहाल में हुई। युवक इंतेखाब आलम (34) ने नमाज के बाद मस्जिद में हाफिज से किसी मसले पर शरीयत को लेकर सवाल किया। हाफिज बिना जवाब दिए बाहर आए और अपने एक परिचित को बुला लिया। इसके बाद दोनों ने इंतेखाब से गाली-गलौज की और मारपीट शुरू कर दी।
थाना प्रभारी निरीक्षक (SHO) अश्विनी कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मस्जिद से निकले लोगों ने इंतेखाब को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। भीड़ का आक्रोश इतना था कि 25 से 30 लोगों ने लाठी और लोहे की रॉड से हमला किया। जान बचाने के लिए इंतेखाब जब अपने घर में घुसा तो भीड़ ने उसकी गाड़ी, CCTV कैमरे और घर का दरवाजा तोड़ दिया।
सूचना मिलने पर भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और लोगों को शांत कराया। पुलिस ने घायल इंतेखाब आलम को अस्पताल में भर्ती कराया है। SHO ने बताया कि घटना के बाद पूरे घोसिया इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। मामले की जांच जारी है।