लखीमपुर खीरी में चारा काटते 14 वर्षीय लड़के की तेंदुए के हमले में मौत, वन विभाग ने बढ़ाई गश्त

ग्रामीणों को समूह में काम करने और सतर्क रहने की सलाह
तेंदुए
तेंदुए
Published on: 

लखीमपुर खीरी : उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के रामनगर कलां इलाके में शारदा नदी के किनारे अपने मवेशियों के लिए चारा काटते समय 14 साल के लड़के की संदिग्ध रूप से तेंदुए के हमले में मौत हो गई।

दुधवा बफर जोन की उप निदेशक कीर्ति चौधरी ने बताया कि सोमवार की शाम भीरा थाना क्षेत्र के रामनगर कलां गांव का निवासी संदीप कुमार एक जंगली जानवर के हमले में घायल हो गया। उन्होंने बताया कि उसे तुरंत पास के बिजुआ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

चौधरी ने बताया कि यह घटना दक्षिण खीरी वन प्रभाग के गोला रेंज में हुई है। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों के मुताबिक कुमार पर तेंदुए ने हमला किया है। दक्षिण खीरी के प्रभागीय वन अधिकारी (DFO) तापस मिहिर ने रामनगर कलां में किसी बड़े हिंसक जानवर के हमले में लड़के की मौत की पुष्टि की।

उन्होंने इस घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और दुखद बताते हुए कहा कि पोस्टमॉर्टम के बाद नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा और इलाके में गश्त तथा निगरानी बढ़ा दी जाएगी।

दुधवा बफर जोन के एक रेंज अधिकारी के अनुसार जिस इलाके में यह हमला हुआ, वह आरक्षित वनों से बमुश्किल तीन-चार किलोमीटर दूर है और यहां तेंदुओं व बाघों की गतिविधि आम बात है।

उन्होंने बताया कि शारदा नदी और वहां उगी लंबी-लंबी घास व गन्ने के खेत इन बड़े हिंसक जानवरों को छुपने के लिए एक माकूल जगह मुहैया कराते हैं।

वन अधिकारियों ने ग्रामीणों को सलाह दी है कि वे जंगली जानवरों की मौजूदगी को लेकर सतर्क रहें और नदी या खेतों के किनारे, खासकर शाम या रात के समय, अकेले न घूमें। उन्होंने ग्रामीणों को सलाह दी कि वे समूहों में काम करें और जंगली जानवरों को डराकर भगाने के लिए शोर मचाएं।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News