

नोएडा : नोएडा की सेक्टर-63 थाना पुलिस ने कार में लिफ्ट देकर लोगों से लूटपाट करने के आरोप में चार बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी है।
पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल जोन) प्रवीण रंजन सिंह ने सोमवार को बताया कि रविवार देर रात पुलिस वाहनों की तलाशी ले रही थी, तभी सूचना मिली कि कुछ बदमाश लूटपाट के इरादे से इलाके में घूम रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने अवरोधक लगाकर जांच शुरू की।
इसी दौरान दो मोटरसाइकिल पर सवार बदमाश बहलोलपुर अंडरपास के पास आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो वे भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर उन्हें घेर लिया।
अधिकारी के अनुसार, खुद को घिरा देखकर बदमाशों ने पुलिस पर गोलीबारी शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दिल्ली निवासी विकास उर्फ कालू उर्फ कल्लू (27) और नोएडा के वसई गांव निवासी राजेश उर्फ टेढ़ा (38) के पैर में गोली लगी।
पुलिस ने बताया कि घायल आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया है। पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान दो अन्य आरोपी शंकर शर्मा (20) और कपिल कश्यप (20) मौके से फरार हो गए थे। पुलिस ने पीछा कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से दो देसी तमंचे, कारतूस, दो चाकू और दो मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं।
डीसीपी ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे रात में कार से निकलते थे और लोगों को लिफ्ट देने के बहाने कार में बैठाकर लूटपाट करते थे। इसके बाद पीड़ितों को सुनसान जगह पर छोड़ देते थे। पुलिस के अनुसार, आरोपी रविवार रात भी लूटपाट के इरादे से इलाके में आए थे।
पुलिस ने बताया कि विकास के खिलाफ लूटपाट और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (आईटी एक्ट) समेत विभिन्न धाराओं में 22 मामले दर्ज हैं जबकि राजेश के खिलाफ 18, शंकर के खिलाफ 10 और कपिल के खिलाफ दो मामले पहले से दर्ज हैं।