‘आपत्तिजनक नारे लिखकर सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने की कोशिश’, 2 महिलाओं समेत 3 गिरफ्तार

दिल्ली-देहरादून राजमार्ग के किनारे बिहारीगढ़ इलाके में सड़क पर भड़काऊ नारे लिखे
आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
Published on

सहारनपुर : पुलिस ने सहारनपुर जिले में दिल्ली-देहरादून राजमार्ग के किनारे बिहारीगढ़ इलाके में सड़क पर ‘आपत्तिजनक नारे लिखकर सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने की कोशिश’ करने के आरोप में दो महिलाओं सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने कहा कि दिल्ली-देहरादून राजमार्ग के किनारे बिहारीगढ़ इलाके में सड़क पर एक विशेष समुदाय के खिलाफ आपत्तिजनक नारे लिखकर सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने की कोशिश की गई थी। इस प्रयास को विफल कर दिया गया और मामले की जांच से पता चला कि इसमें शामिल लोग हिंदू रक्षा दल से जुड़े थे।

पुलिस ने शांति भंग हो सकने और दंगों की आशंका के कारण कार्रवाई करते हुए गुरुवार की शाम को दो युवतियों सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया। उन पर दंगे भड़काने की साजिश रचने का आरोप है।

बिहारीगढ़ थाने के प्रभारी अक्षय शर्मा ने शुक्रवार को बताया कि तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इन आरोपियों की पहचान देहरादून निवासियों सुलेखा, शारदा और जितेंद्र राघव के रूप में हुई है। तीनों की उम्र 25 से 30 वर्ष के बीच है।

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का एक वीडियो 26 फरवरी को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था जिसमें ये लोग सड़क पर आपत्तिजनक नारे लिखने के लिए ‘स्प्रे पेंट’ का इस्तेमाल करते नजर आ रहे थे। उस समय, 'हिंदू रक्षा दल' से जुड़े व्यक्तियों ने इस कृत्य की जिम्मेदारी ली थी।

पुलिस ने बताया कि इस घटना के संबंध में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के एक कर्मचारी ने बिहारीगढ़ थाने में लिखित शिकायत दर्ज करायी, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in