

लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा के कार्यकर्ताओं को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केन्द्र सरकार की 11 वर्षों की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान करते हुए ‘बूथ’ स्तर तक संवाद करने की अपेक्षा की है।
मोदी सरकार के 11 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में यहां आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यशाला में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। ‘सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 11 वर्ष’ थीम पर हुई इस कार्यशाला की शुरुआत पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर पुष्पांजलि से हुई।
योगी ने कहा कि आजादी के अमृत काल में देश को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के रूप में प्रभावशाली नेतृत्व प्राप्त होना ‘हम सभी का सौभाग्य है।’ उन्होंने कार्यकर्ताओं को ‘बूथ’ स्तर पर संवाद का मंत्र देते हुए कहा कि मोदी सरकार की 11 साल उपलब्धियां जन-जन तक पहुंचाना ‘हम सब की जिम्मेदारी है।’ उन्होंने कार्यकर्ताओं से हर वर्ग को इस अभियान से जोड़ने और लाभार्थियों के अनुभव साझा करने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अमृत काल में विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करने के लिए मोदी सरकार की 11 वर्षों की उपलब्धियां गर्व का विषय हैं तथा उन्हें प्रदेश, जनपद, मंडल और शक्ति केंद्र स्तर पर जनता तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभानी होगी।
उन्होंने कार्यशाला में प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह और राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत गौतम द्वारा प्रस्तुत कार्यक्रम की रूपरेखा का उल्लेख करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं ने पहले भी उत्तर प्रदेश सरकार की आठ वर्षों की उपलब्धियों को हर ‘बूथ’ तक पहुंचाया था।
उन्होंने कहा कि अब केंद्र सरकार की 11 वर्षों की उपलब्धियों को अखिल भारतीय स्तर पर प्रचारित करने का समय है, जिसमें राज्य और राष्ट्रीय स्तर की उपलब्धियां शामिल होंगी।