टॉप न्यूज़
शांतनु ठाकुर के समर्थन में सड़क पर उतरे मतुआ समुदाय के लोग
सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में प्रदर्शन
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस को 15 दिन की मोहलत
सन्मार्ग संवाददाता
बैरकपुर :
केंद्रीय जहाज राज्य मंत्री शांतनु ठाकुर के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने के विरोध में उत्तर 24 परगना जिले के बनगांव में मतुआ समुदाय के हजारों लोग सड़क पर उतर आए। प्रदर्शनकारियों ने आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर रामनगर रोड स्थित बनगांव पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सामने बुधवार को धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद मतुआ समुदाय के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक विदिशा कलिता दासगुप्ता से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारियों ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई के लिए पुलिस को 15 दिनों की मोहलत दी है। उनका कहना है कि निर्धारित समय में गिरफ्तारी नहीं हुई तो व्यापक आंदोलन शुरू किया जाएगा। साथ ही मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के समक्ष भी मामला उठाने की चेतावनी दी गई।
राजीव गोस्वामी पर टिप्पणी करने का आरोप
बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले पेट्रापोल बंदरगाह पर माल उतारने के मुद्दे को लेकर राज्य के खाद्य मंत्री अशोक कीर्तनिया के करीबी भारतीय मजदूर संघ के नेता राजीव गोस्वामी ने केंद्रीय जहाज राज्य मंत्री शांतनु ठाकुर पर निशाना साधा था। आरोप है कि इसके बाद सोशल मीडिया पर भी शांतनु ठाकुर के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की गई। मतुआ संगठनों का आरोप है कि इस मामले में पेट्रापोल थाने, बनगांव के पुलिस अधीक्षक कार्यालय समेत राज्य के विभिन्न थानों में राजीव गोस्वामी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
ढोल-कांसी और लाल झंडे के साथ जुटे प्रदर्शनकारी
कुछ दिन पहले शांतनु ठाकुर ने भी पार्टी के अंदर कथित गुटबाजी को लेकर बनगांव पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाए थे। इसके बाद ऑल इंडिया मतुआ महासंघ के नेतृत्व ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सामने धरना और ज्ञापन सौंपने का ऐलान किया था। बुधवार को आयोजित प्रदर्शन में मतुआ पागल, गोसाईं, दलपति और मातृसेना की महिलाएं भी शामिल हुईं। ढोल, कांसी और लाल झंडे के साथ बड़ी संख्या में लोगों ने आरोपी की गिरफ्तारी की मांग उठाई।
15 दिनों में कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन
मतुआ नेता तन्मय विश्वास ने कहा कि सोशल मीडिया पर शांतनु ठाकुर के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले राजीव गोस्वामी को गिरफ्तार किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पुलिस अधीक्षक को कार्रवाई के लिए 15 दिनों का समय दिया गया है। इस अवधि में गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर मुख्यमंत्री के समक्ष भी मामला उठाया जाएगा। वहीं, अपने ऊपर लगे आरोपों को लेकर राजीव गोस्वामी ने फिलहाल कोई टिप्पणी करने से इनकार किया है।

