टॉप न्यूज़
विकसित भारत के लक्ष्य में आईआईटी और बंगाल की भूमिका अहम : मोदी
कहा- उठो, जागो और लक्ष्य हासिल होने तक मत रुको
विजय, सन्मार्ग संवाददाता
खड़गपुर :
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य को हासिल करने के लिए युवाओं और आईआईटी के छात्रों से पूरी क्षमता के साथ जुटने का आह्वान किया। शनिवार को आईआईटी खड़गपुर के 75वें स्थापना दिवस के प्लेटिनम जुबली समारोह में उन्होंने स्वामी विवेकानंद के संदेश का उल्लेख करते हुए कहा, “उठो, जागो और लक्ष्य हासिल होने तक मत रुको।” उनके संबोधन पर छात्रों ने तालियों की गड़गड़ाहट से स्वागत किया।
चुनौतियों को चुनौती देकर बढ़ें आगे
प्रधानमंत्री ने कहा कि इंसान और राष्ट्र अपनी वास्तविक क्षमता को चुनौतियों का सामना करने पर ही पहचानते हैं। सोच को सीमित कर लेना सबसे बड़ी बाधा है। चुनौतियों से घबराने के बजाय उनका सामना करना चाहिए। उनकी सरकार ने पिछले 12 वर्षों में इसी सोच के साथ काम किया है।
गरीबी उन्मूलन और स्वच्छता पर जोर
मोदी ने कहा कि जब उन्होंने लाल किले से देश के गरीबों के घरों में शौचालय बनाने की घोषणा की थी, तब उनका काफी मजाक उड़ाया गया था, लेकिन आज इसकी उपयोगिता सबके सामने है। उन्होंने कहा कि पांच दशक पहले भी गरीबी हटाने के नारे दिए जाते थे, लेकिन ठोस काम नहीं हुआ। विश्व बैंक की रिपोर्ट का हवाला देते हुए उन्होंने दावा किया कि पिछले 12 वर्षों में करीब 50 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं।
लाल झंडा दिखाकर भगाई गई थी सेमीकंडक्टर कंपनी
प्रधानमंत्री ने कहा कि करीब 50 वर्ष पहले एक सेमीकंडक्टर कंपनी भारत आई थी, लेकिन उसे लाल झंडा दिखाकर वापस जाने पर मजबूर कर दिया गया। इसके विपरीत आज देश में उनकी सरकार के प्रयासों से सेमीकंडक्टर की कई कंपनियां काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि भारत अब चिप से लेकर शिप तक का निर्माण कर रहा है। आईआईटी खड़गपुर के पूर्व छात्र देश-विदेश की बड़ी कंपनियों का नेतृत्व कर रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि संस्थान अपना शताब्दी समारोह विकसित भारत में मनाएगा।
विकसित भारत में बंगाल की भूमिका अहम : शुभेंदु
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में पश्चिम बंगाल का योगदान बेहद महत्वपूर्ण होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के संबोधन से समारोह में मौजूद सभी लोग प्रभावित हुए हैं। प्रधानमंत्री ने भी विकसित भारत के निर्माण में बंगाल की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया है। समारोह में राज्यपाल आरएन रवि और केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार भी मौजूद रहे। खराब मौसम के कारण प्रधानमंत्री हेलीकॉप्टर से नहीं पहुंच सके। कलाइकुंडा एयरफोर्स स्टेशन पर विशेष विमान उतरने के बाद वे सड़क मार्ग से आईआईटी पहुंचे। रास्ते में हजारों लोगों ने जय श्रीराम के नारों के साथ उनका स्वागत किया। प्रधानमंत्री ने भी गाड़ी से हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन किया।

