टॉप न्यूज़
वसूली के खिलाफ भाजपा का अभियान, बुधवार से बाजारों में बजेगा लाउडस्पीकर
राजनीतिक दलों, पूजा समितियों और जनप्रतिनिधियों के नाम पर रुपये नहीं देने की अपील
पार्टी के भीतर भी उठ चुके हैं सवाल
केडी पार्थ, सन्मार्ग संवाददाता
बैरकपुर :
पश्चिम बंगाल में भाजपा की नई सरकार बनने के बाद भी जबरन वसूली का मुद्दा पार्टी के लिए चुनौती बना हुआ है। अलग-अलग जिलों में वसूली को लेकर भाजपा नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप और संगठनात्मक कार्रवाई की खबरों के बीच अब उत्तर 24 परगना के हाबरा में भाजपा विधायक देवदास मंडल ने इसके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने एक महीने तक जागरूकता अभियान चलाने की घोषणा की है। बुधवार सुबह से हाबरा के विभिन्न बाजारों में लाउडस्पीकर के जरिए प्रचार कर दुकानदारों से अपील की जाएगी कि वे किसी राजनीतिक दल, पूजा समिति या जनप्रतिनिधि के नाम पर रुपये न दें।
विधायक के नाम पर रुपये की मांग
देवदास मंडल के मुताबिक, हाबरा सुपरमार्केट, कॉटन मार्केट तथा फल एवं सब्जी बाजार में कुछ लोग उनके नाम का इस्तेमाल कर दुकानदारों से रुपये मांग रहे हैं। सत्तारूढ़ दल के नेताओं और अन्य जनप्रतिनिधियों के नाम पर भी ऐसी शिकायतें मिली हैं। विधायक ने स्पष्ट किया कि भाजपा का ऐसी गतिविधियों से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने व्यापारियों से वसूली की मांग करने वालों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है। साथ ही चेतावनी दी कि ऐसे लोगों की पहचान कर उन्हें पुलिस के हवाले किया जाएगा।
वसूली पर भाजपा के भीतर भी घमासान
गौरतलब है कि वसूली का मुद्दा राज्य में भाजपा के लिए राजनीतिक और संगठनात्मक चुनौती बनता जा रहा है। पूर्व मेदिनीपुर में कथित छह करोड़ रुपये की वसूली के मामले में भाजपा के एक मंडल अध्यक्ष की गिरफ्तारी हुई है। डेबरा में विधायक सुभाषिश ओम और घाटाल के संगठनात्मक जिला अध्यक्ष तन्मय दास के बीच वसूली को लेकर आरोप-प्रत्यारोप सामने आए। पानीहाटी में भी वसूली विवाद के बाद एक भाजपा कार्यकर्ता की मौत का मामला राजनीतिक विवाद बना। पार्टी ने वसूली और अनुशासनहीनता के आरोपों में 22 पदाधिकारियों को निलंबित भी किया है। ऐसे माहौल में देवदास मंडल का अभियान महज स्थानीय जागरूकता कार्यक्रम नहीं, बल्कि भाजपा की वसूली विरोधी छवि मजबूत करने और अपने ही संगठन को स्पष्ट संदेश देने की कोशिश भी माना जा रहा है।

