हादसे में अधेड़ की मौत, शव लेकर लोगों ने किया प्रदर्शन

हादसे में अधेड़ की मौत, शव लेकर लोगों ने किया प्रदर्शन

Published on: 

शराबी लॉरी चालक पर कठोर कार्रवाई की मांग

केडी पार्थ, सन्मार्ग संवाददाता

बैरकपुर :

उत्तर 24 परगना जिले के गोबरडांगा थाना अंतर्गत जानाफुल इलाके में सोमवार सुबह तेज रफ्तार लॉरी की चपेट में आने से साइकिल सवार विश्वजीत दास (48) की मौके पर ही मौत हो गई। वह काम पर जाने के लिए साइकिल से हाबरा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान एक लॉरी ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वह लॉरी के पहिए के नीचे आ गए। लॉरी ने उन्हें बुरी तरह कुचल दिया, उनकी मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लॉरी चालक एक मैजिक वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान उसने साइकिल सवार को टक्कर मार दी। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि चालक शराब के नशे में था और लापरवाही से वाहन चला रहा था। एक प्रत्यक्षदर्शी महिला ने यह भी आरोप लगाया कि दुर्घटना के बाद पुलिस के पहुंचने से पहले लॉरी में लदे दूध के कैन उतारे जा रहे थे।

घंटो यातायात बाधित

इधर, हादसे की सूचना मिलने के बावजूद पुलिस के देर से पहुंचने का आरोप लगाते हुए मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों ने सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन किया। करीब एक घंटे तक चले विरोध प्रदर्शन के बाद पुलिस के कार्रवाई का आश्वासन देने पर शव हटाया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए हाबरा अस्पताल भेज दिया। प्रदर्शन के कारण इलाके में यातायात बाधित रहा।

पिता की कमाई से ही चलता था परिवार का खर्च : मृतक की बेटी

मृतक की बेटी ने बताया कि पिता की कमाई से ही परिवार का खर्च चलता था। मां बीमार हैं और दो बहनों की पढ़ाई की जिम्मेदारी भी उन्हीं पर थी। परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। उन्होंने आरोपी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जानाफुल इलाके में लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। खासकर स्कूल के सामने तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही से खतरा बना रहता है। लोगों का कहना है कि सड़क पर लगाए गए बैरिकेड हटाकर वाहन तेज गति से गुजरते हैं। उन्होंने इलाके में ट्रैफिक पुलिस की तैनाती, वाहनों की गति नियंत्रित करने और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News