लगातार बारिश ने बढ़ाईं बंगाल की मुश्किलें, कई जिलों में येलो अलर्ट

आज कई जिलों में "येलो अलर्ट" जारी
लगातार बारिश ने बढ़ाईं बंगाल की मुश्किलें, कई जिलों में येलो अलर्ट
Published on

बारिश से थमी कोलकाता की रफ्तार

मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : पश्चिम बंगाल में रविवार से शुरू हुआ बारिश का दौर सोमवार को भी जारी रहा। लगातार बारिश के कारण कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति बनी हुई है। उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के पास बना डिप्रेशन अब कोलकाता के करीब केंद्रित है, जिसके चलते बारिश का दौर और तेज होने की संभावना है। अलीपुर मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में महानगर में 115 मिलीमीटर तक बारिश की चेतावनी जारी की है, जिसके कारण कुछ इलाकों में बारिश की रफ्तार 30 मिलीमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। मंगलवार को भी कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

दक्षिण बंगाल में भारी बारिश, बाढ़ का बढ़ा खतरा

दक्षिण बंगाल के पुरुलिया, पश्चिम बर्धमान और बांकुड़ा जिलों में अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी दी गई है, जबकि अन्य जिलों में भारी बारिश के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। लगातार बारिश और बढ़ते जलस्तर के बीच दामोदर वैली कॉर्पोरेशन (DVC) ने पानी छोड़ना शुरू कर दिया है। इस सीजन में पहली बार करीब 32,000 क्यूसेक पानी छोड़े जाने से निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा और बढ़ गया है। हल्दिया में हालात सबसे अधिक चिंताजनक बने हुए हैं। यहां पिछले 5 दिनों में 552 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है, जबकि बीते 24 घंटों में अकेले 134 मिलीमीटर बारिश हुई। वहीं दूसरी ओर उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी और अलीपुरदुआर में गरज-चमक के साथ भारी बारिश की संभावना है।

इन इलाकों में थमी ट्रैफिक की रफ्तार

लगातार हो रही है बारिश से महानगर के कई निचले इलाकों और आसपास के क्षेत्रों में पानी जमा होने से ट्रैफिक की रफ्तार थमी गई। साल्ट लेक, सियालदह, ईएम बाईपास, बेहला, सेंट्रल एवेन्यू और रासबिहारी व अन्य इलाकों में जलजमाव के कारण यातायात प्रभावित हुआ। जलजमाव के साथ बढ़े ट्रैफिक दबाव ने ऑफिस जाने वाले लोगों और रोजाना सफर करने वाले यात्रियों की परेशानी और बढ़ा दी। कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की रफ्तार धीमी रही।

एक नजर इन इलाकों में बारिश पर

इलाका - कुल बारिश (मिमी)

पाल्मेर ब्रिज - 30 मिमी

पागलाडांगा - 26 मिमी

चिंंगड़ीघाटा - 25 मिमी

उल्टाडांगा - 24 मिमी

कुलियाटांगा - 23 मिमी

बीरपाड़ा - 19 मिमी

बेलगछिया - 19 मिमी

दत्ताबागान - 19 मिमी

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in