राम मंदिर दर्शन की अनुमति मिलने तक नहीं छोड़ूंगा अयोध्या : अजय राय

राम मंदिर दर्शन की अनुमति मिलने तक नहीं छोड़ूंगा अयोध्या : अजय राय
Published on

कांग्रेस प्रदेश ने नजरबंद किए जाने का किया दावा

केडी पार्थ, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने मंगलवार को दावा किया कि अयोध्या पहुंचते ही उन्हें नजरबंद कर दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने आधी रात को उन्हें होटल से आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के अतिथि गृह में ले जाकर रोक दिया। राय ने कहा कि जब तक उन्हें राम मंदिर में दर्शन की अनुमति नहीं मिलेगी, तब तक वह अयोध्या नहीं छोड़ेंगे। हालांकि, पुलिस की ओर से उनके औपचारिक रूप से गिरफ्तार या नजरबंद किए जाने की पुष्टि नहीं की गई है।

भाजपा सरकार पर साधा निशाना

अजय राय ने कहा कि वह मंगलवार के निर्धारित कार्यक्रम के तहत अयोध्या पहुंचे थे, लेकिन आगमन के तुरंत बाद उन्हें रोक दिया गया। उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यह समझ से परे है कि सरकार कांग्रेस नेताओं को राम मंदिर जाने से क्यों रोक रही है। उन्होंने कहा कि यदि उन्हें गिरफ्तार नहीं किया गया है तो फिर आधी रात को होटल से अतिथि गृह में ले जाकर क्यों रखा गया।

पुलिस ने टेढ़ी बाजार क्षेत्र में रोका

राय ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को भी अयोध्या पहुंचने से पहले रास्ते में रोक दिया गया, हिरासत में लिया गया या उनके घरों से बाहर नहीं निकलने दिया गया। कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल में सांसद किशोरी लाल शर्मा, राकेश राठौर, उज्ज्वल रमन सिंह और तनुज पुनिया सहित कई नेता शामिल थे। कांग्रेस ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर आरोप लगाया कि प्रभु श्रीराम के दर्शन के लिए जा रहे प्रतिनिधिमंडल को सरकार ने नजरबंद कर दिया। वहीं, अयोध्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राम जन्मभूमि मंदिर की ओर मार्च करने का प्रयास किया, जिसे पुलिस ने टेढ़ी बाजार क्षेत्र में रोक दिया। पार्टी का आरोप है कि इस दौरान बल प्रयोग किया गया और कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया।

अन्य नेताओं को भी नहीं निकलने दिया

उधर, प्रयागराज से कांग्रेस सांसद उज्ज्वल रमन सिंह को भी उनके आवास से बाहर नहीं निकलने देने का दावा किया गया। गौरतलब है कि राम मंदिर के चढ़ावे में कथित गबन के मामले को लेकर अजय राय इससे पहले 18 जून को भी अयोध्या पहुंचे थे। इस मामले में राज्य सरकार ने एसआईटी गठित की थी, जिसकी जांच के बाद आठ आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया जा चुका है।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in