CM शुभेंदु की हत्या की 180 लोगों ने रची साजिश : अर्जुन सिंह
अभिषेक बनर्जी के नेतृत्व में बनाया व्हाट्सएप ग्रुप
कहा, जल्द जेल में होंगे तृणमूल के राष्ट्रीय महासचिव
सन्मार्ग संवाददाता
बैरकपुर :
उत्तर 24 परगना जिले के मोहनपुर में आयोजित विजया सम्मेलन के मंच से राज्य के परिवहन एवं श्रम मंत्री अर्जुन सिंह ने तृणमूल कांग्रेस के खिलाफ गंभीर आरोप लगाकर राजनीतिक हलचल तेज कर दी है। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की हत्या की साजिश रची जा रही है और इसके लिए 180 लोगों का एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाया गया है, जिसका नेतृत्व अभिषेक बनर्जी कर रहे हैं। मंत्री के इस बयान से राज्य की राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया है। मोहनपुर थाने की ओर से आयोजित विजया सम्मेलन में अर्जुन सिंह ने कहा कि इस कथित व्हाट्सएप ग्रुप के जरिये मुख्यमंत्री की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। मुख्यमंत्री कहां जा रहे हैं, क्या कर रहे हैं और उनकी दिनचर्या क्या है, इन सभी बातों की जानकारी ग्रुप में साझा की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सब एक बड़ी साजिश का हिस्सा है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अवश्य इस संबंध में कार्रवाई करेंगे।

