स्कूलों में केक काटकर, दीये जलाकर मनाया मोदी का जन्मदिन

मोदी के 25 साल के सार्वजनिक जीवन के बारे में छात्रों को दी जानकारी
स्कूलों में केक काटकर, दीये जलाकर मनाया मोदी का जन्मदिन
Published on

मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में कोलकाता के विभिन्न स्कूलों में अनूठे अंदाज में जश्न मनाया गया। जादवपुर विद्यापीठ और जोधपुर पार्क बॉयज स्कूल जैसे संस्थानों में गुब्बारों से सजी क्लासरूम में ''मोदीजी'' लिखा केक काटकर जन्मदिन मनाया गया, जहां छात्र और शिक्षक इस उत्सव में शामिल हुए। इसके साथ ही दमदम के नारायणदास बांगुर मेमोरियल स्कूल के हेडमास्टर संजय बरुआ ने छात्रों को प्रधानमंत्री की 25 साल के सार्वजनिक जीवन के बारे में जानकारी दी।

छात्रों ने जलाए दीये

हाल ही में स्कूल शिक्षा विभाग ने जिला निरीक्षकों को निर्देश दिया था कि प्राइमरी से हायर सेकेंडरी तक के सभी छात्रों को एक दीया दिया जाए जिसे वे शाम 7 बजे परिवार के साथ जलाएं। यह आयोजन प्रधानमंत्री के कार्यों और ''विकसित भारत 2047'' के संकल्प के आभार के रूप में तय किया गया था। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए स्कूलों को अपनी इच्छा से परिसर को रोशनी से सजाने की छूट दी गई थी, हालांकि भवानीपुर मित्र इंस्टीट्यूशन के हेडमास्टर राजा डे ने स्पष्ट किया कि उन्होंने कार्यालय के सभी निर्देशों का पूरी तरह पालन किया है।

कई स्कूलों ने खुद की व्यवस्था

प्रशासनिक योजना के मुताबिक कोलकाता नगर निगम के सभी स्कूलों में दीये पहुंचने थे, लेकिन पर्याप्त मात्रा में दीये नहीं पहुंच पाने के कारण कई स्कूलों ने खुद इनकी व्यवस्था की। साउथ कोलकाता के एक स्कूल की हेडमिस्ट्रेस ने बताया कि स्कूल में केक काटने का कोई सरकारी आदेश नहीं था, इसलिए वहां ऐसी कोई सेरेमनी नहीं हुई। जिन स्कूलों में दीये कम पड़े, वहां छात्रों को निर्देश दिया गया कि वे शाम 7 बजे अपने घरों पर ही आशीर्वाद का दीया जलाएं। जादवपुर विद्यापीठ के हेडमास्टर ने बताया कि स्कूल में दीये जलाने के साथ केक काटकर प्रधानमंत्री का जन्मदिन मनाया गया जिससे छात्र बेहद उत्साहित नजर आए।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in