मन्नत पूरी होने पर मुख्यमंत्री ने की गंगा आरती

मन्नत पूरी होने पर मुख्यमंत्री ने की गंगा आरती

Published on: 

पिछले साल महिलाओं ने मांगी थी मन्नत

बनारस के पुरोहितों ने की आरती, लेजर शो और आतिशबाजी से सजा कांकिनाड़ा घाट

केडी पार्थ, सन्मार्ग संवाददाता

बैरकपुर :

देव दीपावली के पावन अवसर पर मंगलवार शाम उत्तर 24 परगना जिले के भाटपाड़ा विधानसभा क्षेत्र के कांकिनाड़ा गंगा घाट पर आयोजित भव्य गंगा आरती में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने गंगातट पर पूजा-अर्चना कर मां गंगा का आशीर्वाद लिया। इस दौरान राज्य के श्रम एवं परिवहन मंत्री अर्जुन सिंह भी मौजूद रहे। हजारों की संख्या में लोग इस धार्मिक आयोजन के साक्षी बने। दीपों की रोशनी, मंत्रोच्चार, आरती और आतिशबाजी से पूरा घाट भक्तिमय हो उठा।

मन्नत पूरी होने पर पहुंचे मुख्यमंत्री

इस आयोजन के पीछे एक खास भावनात्मक प्रसंग भी जुड़ा है। बताया जाता है कि पिछले साल जब शुभेंदु अधिकारी विपक्ष के नेता थे, तब कांकिनाड़ा घाट पर आई स्थानीय महिलाओं ने मां गंगा से उनके मुख्यमंत्री बनने की मन्नत मांगी थी। उस समय अर्जुन सिंह ने भी उन्हें महिलाओं की इस भावना से अवगत कराया था। मन्नत पूरी होने के बाद मुख्यमंत्री के रूप में उसी घाट पर पहुंचकर उन्होंने अपना वादा निभाया। महिलाओं की इस प्रार्थना को सम्मान देने के उद्देश्य से उनका यह दौरा खास माना जा रहा है।

धार्मिक आयोजन के साथ सियासी हलचल भी तेज

गंगा के बीच बनाए गए विशेष मंच पर बनारस से आए पुरोहितों ने पारंपरिक विधि से आरती की। मंच पर 11 विशेष आरती स्टैंड लगाए गए थे। मुंबई के कलाकारों के लेजर शो और आतिशबाजी ने आयोजन को भव्य रूप दिया। करीब 20 हजार लोगों की संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। मुख्यमंत्री के दस दिनों के भीतर भाटपाड़ा के दूसरे दौरे और बैरकपुर औद्योगिक क्षेत्र के विधायकों के साथ संभावित बैठक को लेकर भी राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज रही। खासकर मंत्री अर्जुन सिंह और विधायक कौस्तब बागची के बीच बढ़ते मतभेदों के मद्देनजर मुख्यमंत्री की संभावित राजनीतिक बैठक पर सबकी निगाहें टिकी थीं।
सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News