भारत ने 10 बांग्लादेशी महिलाओं को बांग्लादेश भेजा

भारत ने 10 बांग्लादेशी महिलाओं को बांग्लादेश भेजा

Published on: 

बैरकपुर :

भारत में रह रही 10 बांग्लादेशी महिलाएं ट्रैवल परमिट और एग्जिट परमिट मिलने के बाद शुक्रवार को अपने वतन लौट गईं। 30 अक्टूबर की शाम करीब 7 बजे उत्तर 24 परगना जिले के हरिदासपुर इंटीग्रेटेड चेकपोस्ट (आईसीपी) के रास्ते उन्हें बांग्लादेश भेजा गया। भारतीय आव्रजन अधिकारियों ने सभी महिलाओं को बेनापोल इमिग्रेशन पुलिस के हवाले कर दिया। हरिदासपुर स्थित भारतीय ब्यूरो ऑफ इमिग्रेशन के अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, इन महिलाओं को 17 अगस्त को बांग्लादेश के उप उच्चायोग, नई दिल्ली की ओर से जारी ट्रैवल परमिट तथा 27 अक्टूबर को मुंबई स्थित फॉरेनर्स रीजनल रजिस्ट्रेशन ऑफिस (एफआरआरओ) द्वारा जारी एग्जिट परमिट के आधार पर स्वदेश लौटने की अनुमति मिली थी। दोनों देशों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में सभी महिलाओं को औपचारिक रूप से बांग्लादेशी अधिकारियों को सौंपा गया। वापस लौटी महिलाओं में तीन नरैल, दो जेसोर तथा चांदपुर, फरीदपुर, कोमिला, नरसिंगदी और खुलना की एक-एक महिला शामिल हैं। बेनापोल इमिग्रेशन पुलिस के अनुसार, महिलाओं से संबंधित आवश्यक दस्तावेजी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। इसके बाद उन्हें उनके परिवारों को सौंपने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। आव्रजन अधिकारियों के बीच समन्वय के बाद यह प्रत्यावर्तन प्रक्रिया संपन्न हुई।
सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News