बैंक खाते से गायब हुए 2.82 लाख रुपये

बैंक खाते से गायब हुए 2.82 लाख रुपये

Published on: 

सात बार में निकाली गई रकम

मिदनापुर

: न किसी को ओटीपी बताया, न कोई पिन नम्बर साझा किया और न ही बैंक से जुड़ी कोई गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा की। इसके बावजूद बैंक खाते से सात अलग-अलग लेनदेन के जरिए 2 लाख 82 हजार रुपये गायब हो गए। अपनी मेहनत की कमाई इस तरह खाते से निकल जाने के बाद खाताधारक और उसका परिवार सदमे में है। आखिर बिना ओटीपी और पिन के खाते से इतनी बड़ी रकम कैसे निकाल ली गई। फिलहाल इस सवाल का जवाब किसी के पास नहीं है। घटना पश्चिम मिदनापुर जिले के चंद्रकोना थाना अंतर्गत भगवान्तपुर-2 ग्राम पंचायत के रामबेड़िया इलाके की है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, रामबेड़िया निवासी सुजीत लोहार पेशे से प्रवासी मजदूर हैं। रोजगार के सिलसिले में वह दूसरे राज्य में रहते हैं और कड़ी मेहनत कर अपनी कमाई यूको बैंक के खाते में जमा करते थे। यही जमा पूंजी उनके परिवार के भविष्य का सहारा थी। लेकिन आरोप है कि महज तीन दिनों के भीतर उनके बैंक खाते से सात अलग-अलग लेनदेन के माध्यम से कुल 2 लाख 82 हजार रुपये निकाल लिए गए। हैरानी की बात यह है कि सुजीत का दावा है कि उन्होंने किसी के साथ बैंकिंग से जुड़ी कोई गोपनीय जानकारी साझा नहीं की थी। इसके बावजूद खाते से लगातार सात बार रुपये निकले गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद से ही परिवार के सदस्यों की चिंता बढ़ गई है। दूसरे राज्य में रहकर दिन-रात मेहनत से कमाई गई रकम पलभर में गायब हो जाने से परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। सुजीत लोहार ने मामले की जानकारी संबंधित बैंक के अधिकारियों को दे दी है। साथ ही साइबर क्राइम विभाग में भी शिकायत दर्ज कराने का दावा किया है। पीड़ित परिवार की मांग है कि मामले की निष्पक्ष और जल्द जांच कराई जाए, रुपये यहनिकालने के पीछे जिम्मेदार लोगों की पहचान हो और उनकी मेहनत की कमाई वापस दिलाई जाए।
सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News