बाल विवाह रोकने को स्कूलों में अभियान
उत्तर 24 परगना जिले के सभी स्कूलों को शामिल करने का दिया निर्देश
सन्मार्ग संवाददाता
बैरकपुर :
बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को खत्म करने के उद्देश्य से अब स्कूलों में भी जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। ‘बाल विवाह मुक्त भारत’ अभियान के तहत उत्तर 24 परगना जिले के सभी स्कूलों को इसमें शामिल करने का निर्देश दिया गया है। जिला विद्यालय निरीक्षक (माध्यमिक) कार्यालय की ओर से जिले के जूनियर हाई स्कूल, हाई स्कूल और उच्च माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों एवं शिक्षक-प्रभारियों (टीआईसी) को इस संबंध में दिशा-निर्देश भेजे गए हैं। विद्यार्थियों को बाल विवाह के दुष्परिणामों से अवगत कराने के साथ इस सामाजिक बुराई के खिलाफ जागरूकता फैलाने पर जोर दिया गया है।
21 दिसंबर तक चलेंगे जागरूकता कार्यक्रम
जिला विद्यालय निरीक्षक की 20 नवंबर को जारी अधिसूचना के अनुसार, 21 नवंबर से 21 दिसंबर 2026 तक देशभर में ‘बाल विवाह मुक्त भारत’ जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसी क्रम में 27 नवंबर को बाल विवाह एवं बाल विवाह रोकथाम का अंतरराष्ट्रीय दिवस भी मनाया जाएगा। इस अवसर पर जिले के सभी स्कूलों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश दिया गया है। यह अधिसूचना राज्य के महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण विभाग के निर्देश के आधार पर जारी की गई है। संबंधित विभाग की 3 नवंबर की गाइडलाइन की प्रति भी स्कूलों को भेजी गई है। जिला विद्यालय निरीक्षक ने सभी प्रधानाध्यापकों और टीआईसी को अपने संस्थानों में निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार आवश्यक कदम उठाने को कहा है।
अभियान की गतिविधियों पर भी रहेगी नजर
स्कूलों को केवल जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने तक सीमित नहीं रहना होगा, बल्कि अभियान के तहत निर्धारित गतिविधियों का सही तरीके से पालन हो रहा है या नहीं, इसकी निगरानी भी करनी होगी। शिक्षा विभाग के एक अधिकारी के अनुसार, इस पहल का मुख्य उद्देश्य शिक्षण संस्थानों के माध्यम से समाज में जागरूकता बढ़ाना और बाल विवाह के उन्मूलन में स्कूलों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।

