बारासात से संदेशखाली के लिए दो नई सरकारी बस सेवाएं शुरू

बारासात से संदेशखाली के लिए दो नई सरकारी बस सेवाएं शुरू

Published on: 

नजाट और धामाखाली के लिए सीधी बस सुविधा

कोलकाता तक भी मिलेगी कनेक्टिविटी

केडी पार्थ, सन्मार्ग संवाददाता

बैरकपुर :

उत्तर 24 परगना जिले के मुख्यालय बारासात से संदेशखाली के दो प्रमुख इलाकों नजाट और धामाखाली के लिए सोमवार, 23 नवंबर से दो नई सरकारी बस सेवाएं शुरू की गई हैं। पश्चिम बंगाल परिवहन निगम (डब्ल्यूबीटीसी/सीटीसी) की इस पहल से बारासात से संदेशखाली के बीच आवागमन आसान होगा। साथ ही इन बसों के जरिए यात्रियों को कोलकाता तक भी सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी। लंबे समय से इस इलाके के लोगों को बेहतर सरकारी परिवहन सुविधा की जरूरत महसूस हो रही थी।

दो नए रूट पर चलेंगी सरकारी बसें

नई बस सेवाओं में पहला रूट D21A (बारासात-नजाट) और दूसरा D42 (बारासात-धामाखाली) है। दोनों रूट बारासात से शुरू होकर कोलकाता के महत्वपूर्ण व्यावसायिक और परिवहन केंद्रों से गुजरेंगे। इससे बारासात के अलावा मध्यग्राम, एयरपोर्ट और ईएम बाइपास के आसपास के यात्रियों को भी लाभ मिलेगा।

D21A : बारासात से नजाट तक का रूट

D21A बस बारासात से रवाना होकर मध्यग्राम चौराहा, बिराटी मोड़, एयरपोर्ट गेट नंबर-1, बागुईआटी, केष्टपुर, उल्टाडांगा, ईएम बाइपास, चिंगड़ीघाटा, साइंस सिटी, बानतला, लेदर कॉम्प्लेक्स, भोजेरहाट, घटकपुकुर, घुषिघाटा, मिनाखां, मालंच, चैतलघाट, बकचरा, भेबिया बाजार, मुरारिशा चौराहा और मेटियाखाली बाजार होते हुए नजाट पहुंचेगी।

D42 : बारासात से धामाखाली तक सीधी सेवा

दूसरी बस सेवा D42 बारासात से मध्यग्राम, एयरपोर्ट, उल्टाडांगा, साइंस सिटी, बानतला, भोजेरहाट, घटकपुकुर, मिनाखां, मालंच, बोआरमारी, कानमारी मोड़, राजबाड़ी, सरबेड़िया और रामपुर होते हुए धामाखाली पहुंचेगी।

फिलहाल नॉन-एसी बसों का होगा परिचालन

दोनों रूट पर फिलहाल सीटीसी के हाबरा और बारासात डिपो की नॉन-एसी टाटा बसें चलाई जा रही हैं। हालांकि, नई सेवा होने के कारण परिवहन विभाग की ओर से अभी अंतिम समय-सारिणी जारी नहीं की गई है। यात्रियों को बसों के परिचालन समय की जानकारी के लिए बारासात चांपाडाली, धामाखाली और नजाट बस स्टैंड के सरकारी बस काउंटर अथवा संबंधित डिपो से संपर्क करने की सलाह दी गई है।

बारासात से बढ़ेगी जिले के दूरस्थ इलाकों की कनेक्टिविटी

इन दोनों बस सेवाओं को बारासात के परिवहन नेटवर्क के विस्तार के रूप में देखा जा रहा है। खासकर संदेशखाली और आसपास के ग्रामीण इलाकों के लोगों को जिला मुख्यालय तक पहुंचने के लिए अब बेहतर विकल्प मिलेगा। वहीं, कोलकाता के विभिन्न हिस्सों तक सीधी बस सुविधा मिलने से नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों और रोजाना यात्रा करने वाले यात्रियों को भी राहत मिलने की उम्मीद है।
सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News